Tata Motors Q1 Result: देश की दिग्गज ऑटोमोबाइल कंपनी टाटा मोटर्स के पैसेंजर व्हीकल सेगमेंट को जून तिमाही में झटके का सामना करना पड़ा है। कंपनी के मुनाफे में कमी JLR सेगमेंट में आए दबाव की वजह से हुई है। सप्लाई चेन की विपरीत परिस्थितियों और कच्चे माल की कीमत में उतार-चढ़ाव के बीच टाटा मोटर्स पैसेंजर व्हीकल का जून तिमाही में नेट प्रॉफिट 78.54% घटकर 859 करोड़ रुपये रहा। कंपनी को चालू वित्त वर्ष की पहली तिमाही में 4,003 करोड़ रुपये का नेट प्रॉफिट हुआ है।
ऑपरेशन से रेवेन्यू बढ़ा
बीती तिमाही में कंपनी का ऑपरेशन से रेवेन्यू साल दर साल आधार पर 9% बढ़कर 95,799 करोड़ रुपये रहा, जो बीते वित्त वर्ष की समान अवधि में 87,677 करोड़ रुपये था। बीती तिमाही में कुछ समय के लिए आपूर्ति बंद होने, पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष और जैगुआर के कामकाज को धीरे-धीरे बंद करने की योजना की वजह से JLR की कुल बिक्री में साल दर साल आधार पर 9.2% की गिरावट दर्ज की गई।
घरेलू मोर्चे पर बिक्री जबरदस्त बढ़ी
घरेलू स्तर पर बिक्री में साल दर साल आधार पर रेवेन्यू में 65% की जबरदस्त तेजी दर्ज की गई। हालांकि, कमोडिटी और विदेशी मुद्रा की कीमतों में बढ़ोतरी ने मार्जिन में सुधार को सीमित कर दिया। टाटा मोटर्स पीवी की बिक्री में साल दर साल आधार पर 46% की जबरदस्त तेजी दर्ज की गई। वहीं, ईवी की बिक्री में साल दर साल आधार पर 112% की बढ़ोतरी दर्ज की गई।
मार्जिन स्थिर रहा
बिक्री में अच्छी बढ़ोतरी के बावजूद, भारत के कारोबार का मार्जिन साल दर साल आधार पर लगभग स्थिर रहा, जो निराशाजनक था। ब्रोकरेज ने बताया कि तिमाही दर तिमाही आधार पर नेट कंसोलिडेटेड ऑटोमोटिव कर्ज 307 अरब रुपये से बढ़कर 422 अरब रुपये हो गया, और इसकी पूरी वजह JLR रही।
अनुमान को बढ़ाया
मोतीलाल ओसवाल फाइनेंशियल सर्विस लिमिटेड ने कहा, “पहली तिमाही में JLR के उम्मीद से बेहतर प्रदर्शन को देखते हुए, हम अपने वित्त वर्ष 2027 EPS अनुमान को 12% बढ़ा रहे हैं। हालांकि, आगे कई चुनौतियों को देखते हुए, हम इस चरण में अपने अगले वित्त वर्ष के अनुमानों में कोई बड़ा बदलाव नहीं कर रहे हैं।”

