भारतीय महिला टीम का पहला मुकाबला पाकिस्तान के साथ होगा, शाम छह बजे से होगा मैच का लाइव प्रसारण
INDW vs PAKW Live T20 (द भारत ख़बर), खेल डेस्क : मौजूदा वनडे वर्ल्ड चैंपियन भारतीय महिला टीम इस बार टी-20 वर्ल्ड विजेता बनने के लिए अपने सफर का आज से आगाज करेगी। इंग्लैंड में खेले जा रहे आईसीसी टी20 विश्व कप में उसका पहला ही मुकाबला पाकिस्तान के साथ हो रहा है। हालांकि इस मैच में टीम इंडिया का पलड़ा काफी भारी है लेकिन पाकिस्तान महिला टीम भी काफी ज्यादा प्रतिभाशाली है।
इसलिए भारतीय टीम उसे किसी भी कीमत में हल्के में नहीं लेना चाहेगी। इसके साथ ही टीम इंडिया इस मैच को बड़े अंतर से जीतते हुए आगे बढ़ना चाहेगी। भारत का रिकॉर्ड इस टीम के खिलाफ बेहद दमदार है, लेकिन हरमनप्रीत कौर की अगुआई वाली टीम चाहेगी कि वो बिना किसी गलती के एकतरफा अंदाज में जीत दर्ज करे।
अब तक 16 बार हुए एक दूसरे के आमने-सामने
भारत और पाकिस्तान के बीच टी20 में अब तक 16 मुकाबले खेले गए हैं। भारतीय महिला टीम ने 13 मैचों में जीत दर्ज की है तो वहीं पाकिस्तान ने तीन मैच जीते हैं। अगर टी20 विश्व कप में दोनों टीमों के बीच मुकाबलों की बात करें तो दोनों के बीच आठ बार भिड़ंत हुई है। भारत ने छह मौकों पर जीत दर्ज की है, जबकि पाकिस्तान दो ही मैच जीत सका है। भारत और पाकिस्तान के बीच 2024 टी20 विश्व कप में भी मैच खेला गया था जिसमें भारतीय महिला टीम ने छह विकेट से जीता था।
भारतीय सलामी बैटर पर रहेगी खास जिम्मेदारी
हर विभाग में संतुलित भारतीय टीम को पाकिस्तान के खिलाफ सलामी बल्लेबाजों स्मृति मंधाना और शेफाली वर्मा से अच्छी शुरूआत की उम्मीद होगी। आॅस्ट्रेलिया के खिलाफ फरवरी में 82 रन बनाने के बाद मंधाना ने अगले छह मैचों में 13, 12, 37, 0, 32 और आठ रन बनाए हैं। शेफाली ने जोहानिसबर्ग में 64 रन बनाने के बाद अगले पांच मैचों में 9, 4, 2, 22 और 11 रन बनाए। हरमनप्रीत कौर ने दक्षिण अफ्रीका और इंग्लैंड के खिलाफ अर्धशतक लगाकर फॉर्म में वापसी की जो मध्यक्रम के लिए अच्छा संकेत है। जेमिमा रॉड्रिग्स, ऋचा घोष और भारती फुलमाली पर भी रन बनाने की जिम्मेदारी होगी। भारत इस मैच के लिए भारती को प्लेइंग-11 में जगह दे सकता है।
ये हो सकती है दोनों की प्लेइंग इलेवन
भारत: स्मृति मंधाना, शेफाली वर्मा, यास्तिका भाटिया, हरमनप्रीत कौर (कप्तान), जेमिमा रॉड्रिग्स, ऋचा घोष (विकेटकीपर), दीप्ति शर्मा, भारती फुलमाली, श्रेयंका पाटिल, क्रांति गौड़, रेणुका सिंह।
पाकिस्तान: मुनीबा अली (विकेटकीपर), गुल फिरोजा, आयशा जफर, आलिया रियाज, फातिमा सना (कप्तान), इराम जावेद, नतालिया परवेज, तुबा हसन, डियाना बेग, नाशरा संधू, सादिया इकबाल।
ये भी पढ़ें : Rohit-Shubhman New Record : पहले वनडे में रोहित-शुभमन ने बनाया खास रिकॉर्ड

