Himanshi Khurana’s murder: कनाडा के टोरंटो शहर में पुलिस ने भारतीय मूल की महिला की हत्या के सात महीने के बाद आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने शनिवार को बताया कि टोरंटो के एक घर में भारतीय मूल की 30 वर्षीय महिला हिमांशी खुराना की मौत के सात महीने बाद एक 32 वर्षीय व्यक्ति अब्दुल गफूरी को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने बताया कि हिमांशी खुराना और आरोपी अब्दुल गफूरी दाएं एक-दूसरे को जानते थे।
फर्स्ट डिग्री मर्डर का आरोपी बनाया गया
आरोपी अब्दुल गफूरी को 7 अगस्त को टोरंटो एयरपोर्ट से गिरफ्तार किए जाने के बाद फर्स्ट-डिग्री मर्डर (सोच-समझकर की गई हत्या) का आरोपी बनाया गया है। पुलिस ने एक बयान में कहा, “टोरंटो पुलिस के फ्यूजिटिव स्क्वॉयड और हत्या व लापता लोगों की जांच करने वाली यूनिट ने आरोपी की कनाडा वापसी सुनिश्चित करने के लिए राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय पुलिस सहयोगियों के साथ मिलकर काम किया।” हालांकि, इसमें यह नहीं बताया गया कि हत्या करने के बाद वह कौन से देश भागा था।
हो सकती है बिना पेरोल के उम्रकैद
पिछले साल दिसंबर में हत्या की वारदात सामने आने के बाद कनाडा की कानून प्रवर्तन एजेंसियों ने गफूरी की गिरफ्तारी के लिए देशव्यापी वारंट जारी किया था। अगर अभियोजन पक्ष यह साबित कर देता है कि हत्या पहले से योजना बनाकर और इरादे के साथ की गई थी, तो फर्स्ट-डिग्री मर्डर के आरोप में बिना पैरोल के उम्रकैद की सजा हो सकती है।
घर में ही मिला था शव
19 दिसंबर को टोरंटो पुलिस के अधिकारियों को एक लापता व्यक्ति का पता लगाने के लिए कॉल आया। एक दिन बाद, सुबह करीब 6:30 बजे के आसपास टोरंटो पुलिस की एक विज्ञप्ति में बताया गया कि अधिकारियों को लापता महिला का शव एक घर के अंदर मिला।
दोनों के बीच था प्रेम संबंध
विज्ञप्ति में यह भी कहा गया कि मौत को हत्या माना गया। नतीजतन, विभाग की होमिसाइड यूनिट ने जांच का जिम्मा संभाल लिया। टोरंटो पुलिस के हवाले से बताया गया है कि संदिग्ध और पीड़ित का ‘एक-दूसरे के साथ प्रेम संबंध था।’

