सेंसेक्स और निफ्टी की शानदार रिकवरी से कंपनियों का बाजार पूंजीकरण 9 लाख करोड़ रुपए बढ़ा
Share Market Update (द भारत ख़बर), बिजनेस डेस्क : भारतीय शेयर बाजार में बुधवार को शानदार तेजी दिखाई दी। दिन की शुरुआत से ही घरेलू शेयर बाजार में तेजी दिखी और पूरा दिन निवेशकों ने खूब खरीदारी की। इसी के चलते दिन का कारोबार समाप्त होने के समय सेंसेक्स 1,263.67 अंक बढ़कर 78,111.24 पर बंद हुआ, जबकि निफ्टी 50 लगभग 388.65 अंक बढ़कर 24,231.30 पर पहुंचने में सफल रहा। शेयर बाजार में तेजी के पीछे जानकारों ने ग्लोबल बाजारों में तेजी को मुख्य कारण बताया गया है।
इस तेज उछाल से बीएसई पर सूचीबद्ध सभी कंपनियों के कुल बाजार पूंजीकरण में 9 लाख करोड़ रुपये से अधिक की वृद्धि हुई, जिससे यह बढ़कर लगभग 458 लाख करोड़ रुपये हो गया। इंडिगो, जोमैटो की मूल कंपनी एटर्नल, पावर ग्रिड, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (टीसीएस), टेक महिंद्रा, एल एंड टी, एशियन पेंट्स और अदानी पोर्ट्स के शेयरों में 3-4% की तेजी आई और ये सेंसेक्स के शीर्ष लाभ कमाने वाले शेयर रहे।
सोने और चांदी में तेजी जारी
आभूषण निमार्ताओं और स्टॉकिस्टों की ओर से हो रही मजबूत खरीदारी के दम पर बुधवार को दिल्ली के सरार्फा बाजार में कीमतों में भारी उछाल दर्ज किया गया। अक्षय तृतीया को कीमती धातुएं खरीदने के लिए सबसे शुभ दिनों में से एक माना जाता है। बुधवार को सफेद धातु यानी चांदी की कीमतों में 11,800 रुपये प्रति किलोग्राम का बड़ा उछाल आया है। 4.81 प्रतिशत की शानदार वृद्धि के साथ चांदी सोमवार के 2,45,200 रुपये के बंद स्तर मजबूत होकर अब 2,57,000 रुपये प्रति किलोग्राम (सभी करों सहित) के उच्च स्तर पर पहुंच गई है। मंगलवार को आधिकारिक छुट्टी के कारण सर्राफा बाजार में कारोबार बंद था।
अंतरराष्ट्रीय बाजारों में कीमती धातुओं का कारोबार गिरावट के साथ हुआ। वैश्विक बाजार में हाजिर सोना 45.88 अमेरिकी डॉलर या लगभग 1 प्रतिशत फिसलकर 4,795.97 डॉलर प्रति औंस के स्तर पर आ गया, जबकि चांदी भी 1.2 प्रतिशत की गिरावट के साथ 78.61 डॉलर प्रति औंस पर आ गई।

