Market closing 24 July : मध्यपूर्व में तनाव बढ़ने और हुती विद्रोहियों द्वारा लाल सागर में तेल लदे जहाजों को निशाना बनाने की घटनाओं से कारोबारी सत्र के अंतिम दिन शुक्रवार को भी शेयर बाजार लाल निशान पर बंद हुआ। बंबई स्टॉक एक्सचेंज (BSE) का सेंसेक्स 331 अंकों की गिरावट के साथ 76,059 पर बंद हुआ, जबकि नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) का निफ्टी 102 अंकों की गिरावट के साथ 23,767 पर बंद हुआ।
कारोबार के दौरान सेंसेक्स ने 76,210 अंकों का ऊपरी स्तर, तो 75,474 का निचला स्तर छुआ। वहीं, निफ्टी ने 23,823 का उच्च स्तर, तो 23,606 का निचला स्तर छुआ। BSE पर 10 कंपनियों के शेयर हरे निशान पर तो 20 कंपनियों के शेयर लाल निशान पर बंद हुए।
इन शेयरों में तेजी
ऐक्सिस बैंक, कोटक बैंक, ITC, HCLTECH, TCS, SBIN, ट्रेंट, मारुति, रिलायंस, टेक महिंद्रा के शेयर में तेजी दर्ज की गई। HCLTECH के शेयर में सर्वाधिक 2.08% की तेजी दर्ज की गई।
इन शेयरों में गिरावट
ICICI बैंक, इंडिगो, BEL, महिंद्रा एंड महिंद्रा, हिंदुस्तान लीवर, अल्ट्रासेमको, एशियन पेंट, टाइटन, इन्फोसिस, भारती एयरटेल, Iternal, HDFC बैंक, LT, NTPC, अडाणी पोर्ट्स, पावरग्रिड, सन फार्मा और बजाज फाइनेंस के शेयर में गिरावट दर्ज की गई। इटरनल में सबसे ज्यादा 2.34% की गिरावट दर्ज की गई।
कच्चे तेल की कीमतें बढ़ीं
मध्यपूर्व में जारी संघर्ष और तेज होने तथा हुती विद्रोहियों द्वारा लाल सागर में तेल लदे जहाजों को निशाना बनाने से कच्चे तेल की कीमतों में लगातार तेजी दर्ज की जा रही है। हालांकि, शुक्रवार को ब्रेंट क्रूड की कीमत 2.96% फिसलकर 97.74 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गई।
ब्रॉडर मार्केट का रुख
Nifty 100 में 0.37%, निफ्टी मिडकैप 100 में 0.10%, निफ्टी स्मॉलकैप 100 में 0.32% की गिरावट दर्ज की गई।
क्यों गिरा बाजार?
ट्रंप प्रशासन ने गुरुवार को भारत समेत करीब 60 देशों से आने वाले सामान पर नया टैरिफ लगाने का फैसला किया है, जिसकी वजह से शुक्रवार को शेयर बाजार में भूचाल आ गया। अमेरिका की दलील है कि यह कदम फोर्स्ड लेबर से जुड़े प्रोडक्ट रोक लगाने के उद्देश्य से उठाया है। नए नियमों के तहत भारत पर 10% टैरिफ लगाया गया है, जबकि पहले भारत पर 12.5% टैरिफ लगने की संभावना थी। अमेरिकी अधिकारियों के अनुसार भारत ने हाल के दिनों में फोर्स्ड लेबर से जुड़े आयात नियमों को मजबूत करने के लिए कुछ नीतिगत बदलाव किए हैं, जिसके कारण उसे कम टैरिफ वाली श्रेणी में रखा गया है।

