मशरूम फार्मिंग यूनिट में हुआ हादसा, उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले के रहने वाले थे तीनों युवक
Pune Gas Leak (द भारत ख़बर), पुणे : महाराष्ट्र के पुणे में हुए एक दर्दनाक हादसे में यूपी के तीन लोगों की मौत हो गई। ये तीनों वहां पर एक मशरूम फार्मिंग प्लांट में कार्य करते थे। रविवार को तीनों फार्म की सफाई के दौरान मेनहोल में बनी जहरीली गैस का शिकार हुए।
जानकारी मिलने पर स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भिजवाया। मृतकों की पहचान पिंटू राजेश प्रसाद (23), व्यास सोहम कुमार (22), और गौतम रामसुरन कुशवाहा (36) के रूप में हुई है। ये सभी उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले के रहने वाले थे।
शुरुआती जांच में यह आया सामने
पुलिस से मिली जानकारी के अुनसार महाराष्ट्र के पुणे जिले के पुरंदर तालुका में एक मशरूम फार्मिंग यूनिट यूपी के तीन मजदूर हादसे का शिकार हो गए। यह हादसा रविवार शाम को उस वक्त हुई जब एक मजदूर नाली के टैंक में उतरा और वापस नहीं आया।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, यह घटना बेलसर गांव में जेजुरी पुलिस स्टेशन की सीमा के तहत हुई। जब वह काफी देर तक बाहर नहीं आया, तो दो अन्य मजदूर भी उसे देखने के लिए टैंक में उतर गए। जब तीनों में से कोई भी बाहर नहीं आया, तो स्थानीय लोग तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने टैंक को खोलने के लिए एक अर्थमूवर मशीन का इस्तेमाल किया और तीनों मजदूरों को बाहर निकाला।
पोस्टमार्टम के लिए भेजे गए शव
वहां मौजूद लोग बाहर निकाले जाने के बाद तीनों मजदूरों को जेजुरी के एक ग्रामीण अस्पताल ले गए। वहां डॉक्टरों ने सभी को मृत घोषित कर दिया। मौत के कारणों की जांच के लिए डॉक्टरों ने विसरा सुरक्षित रख लिया है। प्रथम दृष्टया मौत की वजह जहरीली गैस ही लग रही है। पुलिस ने पंचनामा करके शवों को पोस्टमार्टम के लिए भी भेज दिया है। जेजुरी पुलिस ने इस मामले में आकस्मिक मौत का मामला दर्ज कर लिया है और आगे की जांच कर रही है। यह घटना श्रमिकों की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर चिंता पैदा करती है।
ये भी पढ़ें : Heat Waves in North India : लू से बेहाल उत्तर-पश्चिम भारत के राज्य

