Delhi Tihar Jail News: दिल्ली की तिहाड़ जेल के हाई सिक्योरिटी वार्ड में बंद दो गैंगस्टर्स नवीन बाली और संदीप उर्फ ढिल्लू ने जमकर हंगामा किया। जानकारी के मुताबिक संदीप ढिल्लू ने ई-मुलाकात के दौरान हंगामा किया और दीवार से सिर टकराकर खुद को चोट पहुंचाने की कोशिश। इसके बाद गैंगस्टर नवीन बाली भी उसके समर्थन में पहुंच गया और काफी देर तक ड्रामा चलता रहा। दोनों गैंगस्टर्स ने जेल अधिकारियों पर हमला करने की कोशिश की और जान से मारने की धमकी भी दी। घटना के बाद जेल प्रशासन ने दोनों को अलग-अलग सेल में भेज दिया और हाई सिक्योरिटी वार्ड में निगरानी बढ़ा दी।
ई-मुलाकात के दौरान किया हंगामा
जेल सूत्रों के मुताबिक संदीप उर्फ ढिल्लू अपने परिवार के साथ ई-मुलाकात कर रहा था। इसी दौरान वह अचानक आक्रामक हो गया। उसने जेलकर्मियों के साथ गाली-गलौज की और उन्हें धमकाने लगा। आरोप है कि उसने कर्मचारियों पर हमला करने की कोशिश भी की। इसके बाद ढिल्लू ने दरवाजे, दीवार और कूलर से अपना सिर टकराकर खुद को चोट पहुंचाने की कोशिश की। जेल कर्मचारियों ने हस्तक्षेप कर उसे काबू किया और खुद को नुकसान पहुंचाने से रोका। ढिल्लू के नशे में होने की आशंका के चलते उसका यूरिन टेस्ट भी कराया गया।
अधिकारियों पर दोबारा हमले की कोशिश
ई-मुलाकात खत्म होने के बाद जेलकर्मी ढिल्लू को उसके बैरक की ओर ले जा रहे थे। इसी दौरान उसने असिस्टेंट सुपरिंटेंडेंट, हेड वार्डर और ड्यूटी पर तैनात वार्डरों पर दोबारा हमला करने की कोशिश की। आरोप है कि ढिल्लू बैरक में लौटने से इनकार कर रहा था और अधिकारियों को गंभीर परिणाम भुगतने और जान से मारने की धमकी दे रहा था। स्थिति को कंट्रोल करने के लिए जेल कर्मचारियों ने उसे काबू किया।
नवीन बाली भी उसके समर्थन में पहुंचा
इसी दौरान हाई सिक्योरिटी वार्ड में बंद नवीन बाली के भी वहां पहुंचकर ढिल्लू का समर्थन करने का आरोप है। दोनों ने जेल कर्मचारियों के साथ बहस और धमकी दी, जिसके बाद स्थिति तनावपूर्ण हो गई। जेल स्टाफ ने दोनों को काबू करने के बाद अलग-अलग सेल में बंद कर दिया। रात में नवीन बाली द्वारा अपने सेल के भीतर खुद को चोट पहुंचाने की कोशिश किए जाने की भी जानकारी सामने आई है। इसके बाद जेल प्रशासन ने हाई सिक्योरिटी वार्ड में सुरक्षा बढ़ा दी।
गोगी हत्याकांड का आरोपी है बाली
नवीन डबास उर्फ नवीन बाली का नाम गैंगस्टर जितेंद्र मान उर्फ गोगी की रोहिणी कोर्ट में हुई हत्या के मामले से जुड़ा रहा है। संदीप उर्फ ढिल्लू को दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने गिरफ्तार किया था और उस पर ₹2 लाख का इनाम घोषित होने की जानकारी सामने आई है। पुलिस के अनुसार वह टिल्लू ताजपुरिया का करीबी सहयोगी रहा है। उस पर जेल से गिरोह को मजबूत करने की कोशिशों से जुड़े आरोप भी रहे हैं। ढिल्लू ने पहले पैरोल या फरलो हासिल करने के लिए 10 से ज्यादा प्रयास किए थे। हिरासत से फरार होने के बाद उस पर गोगी गिरोह से जुड़े लोगों पर हमले की साजिश में शामिल होने के आरोप भी लगाए गए थे।

