नई दिल्ली. वेस्टइंडीज के खिलाफ खेली जाने वाली पांच मैचों की T20 इंटरनेशनल सीरीज से पहले टीम इंडिया में बड़ा बदलाव किया गया है. वनडे सीरीज में डेब्यू करने वाले पंजाब के ऑलराउंडर नमन धीर को टीम में शामिल किया गया है. उन्होंने वॉशिंगटन सुंदर की जगह ली है. भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने गुरुवार (1 अक्टूबर) को इसकी जानकारी फैंस के साथ शेयर की.
BCCI ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट के जरिए इसकी जानकारी साझा की. इसमें बताया कि चयन समिति ने न्यूजीलैंड दौरे को ध्यान में रखते हुए वॉशिंगटन सुंदर को वेस्टइंडीज के खिलाफ T20 सीरीज से हटाने का फैसला किया है. भारत को 22 अक्टूबर से 1 दिसंबर के बीच न्यूजीलैंड दौरे पर पांच T20I, पांच वनडे और दो टेस्ट मैच खेलने हैं.
🚨 News 🚨
Prasidh Krishna to miss third ODI, Naman Dhir replaces Washington Sundar for T20Is
More details 🔽 | #TeamIndia | #INDvWI | @mflone_ https://t.co/e4kbfahjto
— BCCI (@BCCI) October 1, 2026
BCCI के मुताबिक 11 अक्टूबर से रणजी ट्रॉफी का नया सीजन शुरू हो रहा है. ऐसे में सुंदर अपनी घरेलू टीम तमिलनाडु के लिए रणजी ट्रॉफी में खेलेंगे और न्यूजीलैंड के खिलाफ आगामी टेस्ट सीरीज की तैयारी करेंगे. टीम मैनेजमेंट से चर्चा के बाद सुंदर को T20I टीम से हटाने का फैसला किया गया है. टेस्ट सीरीज को ध्यान में रखते हुए ये कदम उठाया गया है. रणजी ट्रॉफी में खेलने से उन्हें रेड बॉल क्रिकेट का प्रैक्टिस करने का मौका मिलेगा.
सुंदर की जगह नमन धीर को T20I टीम में शामिल किया गया है. मुंबई इंडियंस के लिए IPL खेलने वाले नमन धीर का डेब्यू वेस्टइंडीज के खिलाफ ही वनडे में डेब्यू हुआ है. उन्होंने अभी तक T20 इंटरनेशनल डेब्यू नहीं किया है. वेस्टइंडीज के खिलाफ सीरीज के लिए उन्हें पहली बार भारत की T20I टीम में शामिल किया गया है. सीरीज की शुरुआत 6 अक्टूबर को लखनऊ में होगी.
श्रेयस अय्यर (कप्तान), अभिषेक शर्मा, वैभव सूर्यवंशी, ईशान किशन (विकेटकीपर), संजू सैमसन (विकेटकीपर), तिलक वर्मा (उप-कप्तान), शिवम दुबे, कुलदीप यादव, अक्षर पटेल, रवि बिश्नोई, नीतीश कुमार रेड्डी, अर्शदीप सिंह, प्रिंस यादव, मयंक यादव और नमन धीर।
BCCI ने इसी रिलीज में तेज गेंदबाज प्रसिद्ध कृष्णा के तीसरे वनडे से बाहर होने की भी जानकारी दी गई है. उनको गुवाहाटी में खेले गए दूसरे वनडे के दौरान बाएं पैर की हैमस्ट्रिंग में चोट लगी थी. इसके चलते वह 3 अक्टूबर को न्यू चंडीगढ़ में होने वाले तीसरे वनडे में नहीं खेल पाएंगे. उनकी जगह अंशुल कंबोज को वनडे टीम में शामिल किया गया है.
शुभमन गिल (कप्तान), रोहित शर्मा, विराट कोहली, ऋतुराज गायकवाड़, केएल राहुल (उप-कप्तान एवं विकेटकीपर), ध्रुव जुरेल (विकेटकीपर), नीतीश कुमार रेड्डी, रवींद्र जडेजा, कुलदीप यादव, गुरनूर बराड़, मोहम्मद सिराज, औकिब नबी, यशस्वी जायसवाल, नमन धीर और अंशुल कंबोज।

