मौसम विभाग ने चेताया, 70 से 80 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से चलेगी हवा
Delhi Weather Update (द भारत ख़बर), नई दिल्ली : पिछले कई दिन से तेज धूप और गर्मी से जूझ रहे दिल्ली वालों के लिए जल्द ही आसमान से राहत बरसने वाली है। भारतीय मौसम विभाग ने राजधानी के मौसम को लेकर जो चेतावनी जारी की है उसके अनुसार राजधानी मे आज और कल अच्छी बारिश और तेज आंधी आने की संभावना है। हालांकि मौसम में यह बदलाव मानसून की वजह से नहीं बल्कि पश्चिमी विक्षोभ के चलते आएगा।
मौसम विभाग ने राजधानी दिल्ली में भारी बारिश और आंधी-तूफान की चेतावनी जारी की है। विभाग के अनुसार, इस दौरान हवाओं की गति 70 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। अधिकतम तापमान 39 और न्यूनतम 29 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। कई दिनों से पड़ रही भीषण गर्मी के बीच, बारिश की यह चेतावनी लोगों के लिए कुछ हद तक राहत भरी हो सकती है। हालांकि, आंधी-तूफान की चेतावनी को देखते हुए सावधानी बरतना अत्यंत आवश्यक होगा। नागरिकों से आग्रह किया गया है कि वे मौसम विभाग के अपडेट पर नजर रखें।
पंजाब से बिहार तक बना कम दबाव का क्षेत्र
भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के ताजा आंकड़ों के अनुसार, वायुमंडल की निचली परत पर पंजाब से बिहार तक एक कम दबाव का क्षेत्र बना हुआ है। इन मौसम संबंधी प्रणालियों के चलते जम्मू-कश्मीर-लद्दाख-गिलगित-बाल्टिस्तान-मुजफ्फराबाद, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में आने वाले सप्ताह में अलग-अलग स्थानों पर बारिश होने की संभावना है।
हल्की बारिश के साथ चलेंगी हवाएं
इस दौरान हरियाणा, चंडीगढ़, पंजाब, दिल्ली, पश्चिमी व पूर्वी उत्तर प्रदेश में कहीं-कहीं बारिश होने की संभावना है। इस दौरान इन राज्यों में कुछ-कुछ स्थानों पर आंधी-तूफान, बिजली कड़कने के साथ 40-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं, जिसकी गति 60 किमी प्रति घंटे तक भी जा सकती है। 24 जून को पश्चिमी राजस्थान में और 24 से 26 जून के दौरान पूर्वी राजस्थान में तेज हवाएं चलने की संभावना है। पूर्वी भारत के अंडमान और निकोबार द्वीप समूह, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम, ओडिशा, बिहार और झारखंड में बारिश होगी।

