
कहा- ये मिसाइलें लोगों की जान बचाने के लिए हैं, इसलिए इन्हें गोदामों में रखने के बजाय यूक्रेन भेजा जाना चाहिए।
Ukraine Russia War, (द भारत ख़बर), कीव: रूस के ताबड़तोड़ हमलों का सामना कर रहे यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोडिमिर जेलेंस्की ने पश्चिमी सहयोगियों से एयर डिफेंस सिस्टम मांगा है। उन्होंने कहा कि यूक्रेन को पैट्रियट एयर डिफेंस इंटरसेप्टर तत्काल दिए जाने चाहिए। उन्होंने सहयोगियों पर गुस्सा निकालते हुए कहा कि एंटी-बैलिस्टिक मिसाइलों का इस्तेमाल लोगों की जान बचाने के लिए होना चाहिए ना कि उनके स्टॉक पर बैठे रहना चाहिए।
जेलेंस्की का बयान रूस के यूके्रन पर 35 बैलिस्टिक मिसाइलों और 190 ड्रोन हमलों के बाद आया है। जेलेंस्की ने कहा, अमेरिका जानता है कि हमें क्या चाहिए। यूरोप जानता है कि हमें क्या चाहिए। एंटी-बैलिस्टिक मिसाइलों को लोगों की सुरक्षा करनी चाहिए ना कि उनको स्टॉक में पड़े रहना चाहिए। इस जरूरी मदद के बिना हर दिन रूस को हमारे लोगों को मारने का एक और मौका देता है।
रूस ने रातभर में 35 मिसाइलें दागी
जेलेंस्की ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर कहा कि रूस ने रातभर में 35 मिसाइलें, जिनमें 27 बैलिस्टिक मिसाइलें थीं, और करीब 185-190 ड्रोन दागे। इनमें से यूक्रेन केवल एक बैलिस्टिक मिसाइल को ही रोक सका, क्योंकि पैट्रियट सिस्टम के लिए इंटरसेप्टर मिसाइलों का भंडार लगभग खत्म हो चुका है।
जेलेंस्की ने दावा किया कि रूस अब जेट इंजन से लैस शाहेद ड्रोन का अधिक इस्तेमाल कर रहा है और युद्ध लंबा खिंचने का फायदा उठाकर नई हमलावर रणनीतियां विकसित कर रहा है।
हथियार उद्योग से जुड़े लोगों और कंपनियों पर प्रतिबंध लगाने की अपील
उन्होंने अमेरिका और यूरोपीय सहयोगियों से रूस के मिसाइल, लॉन्चर और हथियार उद्योग से जुड़े लोगों और कंपनियों पर नए प्रतिबंध लगाने की भी अपील की। साथ ही कहा कि रूस के तेल शोधन और ईंधन क्षेत्र को मिलने वाली मदद रोकना भी जरूरी है, ताकि उसकी युद्ध क्षमता कमजोर हो सके।
रूस बोला- सैन्य ठिकानों को बनाया निशाना, यूक्रेन का जवाब- हमले में रिहायशी इलाके और नागरिक भी प्रभावित हुए
रूसी रक्षा मंत्रालय ने दावा किया कि हमले में कीव स्थित यूक्रेन के सैन्य-औद्योगिक प्रतिष्ठानों और लॉजिस्टिक्स केंद्रों को निशाना बनाया गया। वहीं यूक्रेन का कहना है कि हमले में रिहायशी इलाके और नागरिक भी प्रभावित हुए।
जेलेंस्की ने रक्षा मंत्री रुस्तम उमेरोव और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के साथ अमेरिका के साथ होने वाली आगामी कूटनीतिक बातचीत की भी समीक्षा की। उन्होंने कहा कि उन्हें उम्मीद है कि आने वाले दिनों में यूक्रेन को हथियारों और वायु रक्षा प्रणाली को लेकर सहयोगी देशों से ठोस समर्थन मिलेगा।
ये भी पढ़ें: अजीत डोभाल बोले- आजादी का सही मतलब समझें युवा, आजादी मतलब मनमानी नहीं, जिम्मेदारी
