उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने अमेरिकी वाणिज्य सचिव हॉवर्ड लुटनिक और भारत में अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर से की मुलाकात
India-US Trade Deal (द भारत ख़बर), बिजनेस डेस्क : भारत और अमेरिका के बीच होने वाले द्विपक्षीय व्यापार समझौते पर पूरी दुनिया की नजर है। दोनों देशों के बीच इस समझौते को लेकर प्रारंभिक सहमति बन चुकी है। लेकिन पिछले कुछ समय की भांति इस बार भी इसपर हस्ताक्षर होने से पहले ही नई बाधा आ चुकी है। दोनों देशों के बीच पहले इस समझौत पर मार्च में हस्ताक्षर होने की पूरी संभावना थी लेकिन अमेरिकी सुप्रीम कोर्ट द्वरा अमेरिकी टैरिफ को अवैध घोषित करने के बाद समीकरण एक बार फिर बदल चुके हैं। एक बार फिर यह समझौता लेट होता दिखाई दे रहा है।
पीयूष गोयल का यह बयान आया सामने
भारत और अमेरिका के बीच व्यापारिक रिश्तों को और मजबूत करने की दिशा में गुरुवार को अहम बातचीत हुई। वाणिज्य व उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने बताया कि उन्होंने अमेरिकी वाणिज्य सचिव हॉवर्ड लुटनिक और भारत में अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर से मुलाकात कर द्विपक्षीय व्यापार और आर्थिक साझेदारी को विस्तार देने के मुद्दों पर सार्थक चर्चा की। पीयूष गोयल ने सोशल मीडिया पर जानकारी देते हुए कहा कि यह बैठक बेहद फलदायी रही और दोनों देशों के बीच व्यापारिक सहयोग बढ़ाने पर व्यापक विचार-विमर्श किया गया।
यह बैठक ऐसे समय में हुई है जब भारत और अमेरिका के बीच प्रस्तावित द्विपक्षीय व्यापार समझौते (इळअ) के पहले चरण के कानूनी मसौदे को अंतिम रूप देने की प्रक्रिया जारी है। माना जा रहा है कि इस वार्ता का उद्देश्य व्यापार बाधाओं को कम करना, निवेश बढ़ाना और आपूर्ति शृंखला सहयोग को मजबूत करना है। उधर, अमेरिकी सुप्रीम कोर्ट द्वारा पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के व्यापक टैरिफ आदेश को रद्द किए जाने के बाद अमेरिका ने सभी देशों पर 150 दिनों के लिए 10 प्रतिशत का अस्थायी टैरिफ लागू किया, उसके बाद ट्रंप ने इसे बढ़ाकर 15% कर दिया, जिसका वैश्विक व्यापार पर असर पड़ने की आशंका है। ऐसे में भारत-अमेरिका के बीच जारी व्यापार वार्ता को रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
ये भी पढ़ें : Gold Price Update : सोने और चांदी में मामूली गिरावट

