भारतीय सर्राफा बाजार में दोनों कीमती धातुओं के दाम रहे अस्थिर
Gold Price Update (द भारत ख़बर), बिजनेस डेस्क : भारतीय सर्राफा बाजार में दोनों कीमती धातुओं के दाम में अस्थिरता का दौर जारी है। एक दिन इनके दाम ऊपर की तरफ जाते हैं तो अगले ही दिन ये गिर रहे होते हैं। जानकारों का कहना है कि भू राजनीतिक तनाव व अमेरिका की टैरिफ को लेकर अस्पष्ट नीति इन धातुओं के सेंटीमेट को प्रभावित कर रही है।
यदि दिल्ली सर्राफा बाजार की बात करें तो शुक्रवार को दोनों कीमती धातुओं के दाम में गिरावट दर्ज की गई। शुक्रवार को राष्ट्रीय राजधानी में 99.9 प्रतिशत शुद्धता वाले सोने का भाव 1,800 रुपये उछलकर 1,64,700 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया। इससे पहले गुरुवार को यह 1,62,900 रुपये पर बंद हुआ था। इसके विपरीत, चांदी लगातार दूसरे दिन टूटकर 2,500 रुपये (करीब 1 प्रतिशत) की गिरावट के साथ 2,68,000 रुपये प्रति किलोग्राम पर आ गई है, जो इसके पिछले बंद भाव 2,70,500 रुपये से कम है।
इसलिए आया सोने की कीमत में उछाल
स्थानीय स्तर पर आभूषण विक्रेताओं और स्टॉकिस्टों की ताजा लिवाली ने सोने की कीमतों को ऊपर उठाने में मदद की है। वहीं अमेरिका की बढ़ती व्यापार संरक्षणवाद नीतियों और मध्य पूर्व में जारी तनाव के कारण निवेशकों का रुझान एक सुरक्षित निवेश के तौर पर सोने की तरफ बढ़ा है। भू-राजनीतिक घर्षण और टैरिफ से जुड़ी अनिश्चितताएं सोने की सेफ-हेवन मांग को लगातार एक मजबूत समर्थन दे रही हैं। हालांकि, निकट भविष्य में अमेरिकी महंगाई के आंकड़े और ब्याज दरों को लेकर फेडरल रिजर्व का रुख ही यह तय करेगा कि सरार्फा बाजार में यह तेजी आगे कैसा प्रदर्शन करेगी।
भारत के विदेशी मुद्रा भंडार में आई गिरावट
रिकॉर्ड ऊंचाई छूने के बाद भारत के विदेशी मुद्रा भंडार में गिरावट आई है। आरबीआई द्वारा जारी किए गए ताजा आंकड़ों की बात करें तो 20 फरवरी को समाप्त हुए सप्ताह के दौरान भारत के विदेशी मुद्रा भंडार में 2.119 अरब डॉलर की गिरावट आई है।
इस कमी के बाद देश का कुल विदेशी मुद्रा भंडार 723.608 अरब डॉलर के स्तर पर आ गया है।ज्ञात रहे कि इससे पहले एक सप्ताह यह 8.663 अरब डॉलर की बड़ी छलांग लगाते हुए 725.727 अरब डॉलर के नए सर्वकालिक उच्च स्तर पर पहुंच गया था। ऐतिहासिक ऊंचाई को छूने के ठीक बाद आई यह 2.11 अरब डॉलर की कमी मुख्य रूप से वैश्विक स्तर पर गैर-अमेरिकी मुद्राओं और सोने के मूल्य में हुए उतार-चढ़ाव के प्रभाव को दर्शाती है।

