वैश्विक अनिश्चतता के बीच दोनों कीमती धातुओं में फिर आई तेजी, तीन दिन की गिरावट के बाद बढ़े चांदी के दाम
Gold Price Update (द भारत ख़बर), बिजनेस डेस्क : वैश्विक अनिश्चतता के बीच दोनों कीमती धातुओं के दाम में उतार-चढ़ाव का सिलसिला लगातार जारी है। पिछले तीन दिन से चांदी के दाम जहां लगातार नीचे जा रहे थे वहीं सोमवार को सोना भी स्थिर था। मंगलवार को एक बार फिर से इन दोनों धातुओं के दाम में तेजी दिखाई दीद्ध दिल्ली सर्राफा बाजार में चांदी की कीमत 9250 रुपये बढ़कर 2.77 लाख रुपये प्रति किलो पर पहुंच गई।
वहीं सोने का भाव 1230 रुपये बढ़कर 1.62 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम पर आ गया। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज पर, मई डिलीवरी के लिए सफेद धातु की कीमत 10,442 रुपये या लगभग 4 प्रतिशत बढ़कर 2,77,602 रुपये प्रति किलोग्राम हो गई, जिसमें 2,300 लॉट का कारोबार हुआ।
वैश्विक बाजारों में सोने-चांदी का हाल
एशियाई कारोबार के दौरान स्पॉट गोल्ड की कीमत करीब 1% बढ़कर 5,145 डॉलर प्रति औंस तक पहुंच गई, जबकि स्पॉट सिल्वर में तेज उछाल आया और इसकी कीमत लगभग 4% बढ़कर 87.9 डॉलर प्रति औंस दर्ज की गई। जानकारों ने इस तेजी के पीछे सुरक्षित निवेश की धारणा और अमेरिकी डॉलर के कमजोर होने और पश्चिम एशिया के हालात को लेकर बाजार में बढ़ती अनिश्चितता बताया है।
भारतीय शेयर बाजार में लौटी रौनक
दो कारोबारी सत्र में जोरदार गिरावट के बाद सप्ताह के दूसरे कारोबारी दिन भारतीय शेयर बाजार में रौनक दिखाई दी। शेयर बाजार मजबूती के साथ कार्य करते हुए हरे निशान पर बंद हुआ। मंगलवार को कारोबार समाप्त होने के समय सेंसेक्स करीब 640 अंक व निफ्टी 233 अंक बढ़कर बंद हुए। शेयर बाजार के जानकारों ने इस बढ़त के पीछे वैश्विक कारण बताए हैं। हफ्ते के दूसरे कारोबारी दिन यानी मंगलवार को शेयर बाजार बढ़त के साथ बंद हुआ।
वहीं रुपया अमेरिकी डॉलर के मुकाबले अपने रिकॉर्ड निचले स्तर से मजबूती से उबरते हुए 36 पैसे बढ़कर 91.85 (अस्थायी) पर बंद हुआ। पश्चिम एशिया संघर्ष में संभावित तनाव कम होने के संकेतों के बाद बाजार में उछाल आया, क्योंकि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने ईरान युद्ध के जल्द समाप्त होने का संकेत दिया था। इस घटनाक्रम ने भू-राजनीतिक चिंताओं को कम किया और वैश्विक कच्चे तेल की कीमतों में भारी गिरावट आई, जिससे जोखिम की भावना स्थिर हुई।
इस तरह रहा सेंसेक्स और निफ्टी का प्रदर्शन
30 शेयरों वाला बीएसई सेंसेक्स 639.82 अंक या 0.82 प्रतिशत बढ़कर 78,205.98 पर बंद हुआ। दिन के दौरान इसमें 960.09 अंक या 1.23 प्रतिशत की वृद्धि हुई और यह 78,526.25 पर पहुंच गया। 50 शेयरों वाला एनएसई निफ्टी 233.55 अंक या 0.97 प्रतिशत चढ़कर 24,261.60 पर बंद हुआ।

