लगातार दूसरे दिन भी हरे निशान पर बंद हुए सेंसेक्स और निफ्टी
Share Market Update (द भारत ख़बर), बिजनेस डेस्क : पश्चिम एशिया तनाव और विपरीत वैश्विक धारणा के बावजूद यूरोपीय बाजारों के साथ ही भारतीय शेयर बाजार में लगातार दूसरे दिन खरीदारी बनी रही। इससे दिन का कारोबार बंद होने के समय सेंसेक्स और निफ्टी लगातार दूसरे दिन भी हरे निशान पर बंद हुए। भारतीय शेयर बाजार में इस तेजी के पीछे धातु और आॅटो शेयरों में तेजी का विशेष योगदान रहा।
मंगलवार को यदि एशियाई और यूरोपीय बाजारों की बात करें तो एशियाई बाजारों में, दक्षिण कोरिया का बेंचमार्क कोस्पी 1.63 प्रतिशत बढ़ा, जबकि हांगकांग का हैंग सेंग सूचकांक मामूली रूप से ऊपर बंद हुआ। जापान का निक्केई 225 सूचकांक और शंघाई का एसएसई कंपोजिट सूचकांक नीचे बंद हुए। यूरोप के बाजारों में तेजी देखी गई। सोमवार को अमेरिकी बाजार भी तेजी के साथ बंद हुआ।
इस तरह रहा शेयर बाजार का हाल
30 शेयरों वाला बीएसई सेंसेक्स 567.99 अंक या 0.75 प्रतिशत बढ़कर 76,070.84 पर बंद हुआ। दिन के दौरान इसमें 801.41 अंक या 1.06 प्रतिशत की वृद्धि हुई और यह 76,304.26 पर पहुंच गया। वहीं 50 शेयरों वाला एनएसई निफ्टी 172.35 अंक या 0.74 प्रतिशत चढ़कर 23,581.15 पर बंद हुआ। सेंसेक्स की 30 कंपनियों में से, इटरनल के शेयरों में सबसे अधिक 5.70 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई। टाटा स्टील, महिंद्रा एंड महिंद्रा, भारत इलेक्ट्रॉनिक्स, लार्सन एंड टुब्रो, भारती एयरटेल और मारुति भी प्रमुख लाभ कमाने वाली कंपनियों में शामिल थीं।
सोने और चांदी के दाम में तेजी
पश्चिम एशिया के हालात को लेकर बाजार में बढ़ती अनिश्चितता के बीच एक बार फिर से मंगलवार को सोने और चांदी की खरीदारी पर निवेशकों का फोकस रहा। यही कारण रहा की दोनों कीमती धातुओं के दाम में मंगलवार को तेजी देखने को मिली। यदि दिल्ली सर्राफा बाजार की बात करें तों यहां पर चांदी की कीमत 3000 रुपए बढ़कर 2.59 लाख रुपए प्रति किलो पर पहुंच गई।
वहीं सोने का भाव 860 रुपए बढ़कर 1.57 लाख रुपए प्रति 10 ग्राम पर आ गया। एक तरफ जहां भारतीय सर्राफा बाजार में दोनों कीमती धातुओं के दाम में तेजी दिखाई दी वहीं एशियाई कारोबार के दौरान स्पॉट गोल्ड की कीमत मामूली बढ़त के साथ करीब 5,008 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार कर रही थी। वहीं स्पॉट सिल्वर की कीमत 0.21% गिरकर लगभग 80.5 डॉलर प्रति औंस पर रही।
ये भी पढ़ें : Business News : आरबीआई ने बैंकिंग सिस्टम में शॉर्ट टर्म लिक्विडिटी डाली

