Bank open on Sunday: देश भर में बैंक 27 सितंबर यानी रविवार को खुले रहेंगे। यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (UFBU) के 28 से 30 सितंबर तक होने वाली हड़ताल के मद्देनजर, वित्त मंत्रालय ने सभी बैंक शाखाओं, कार्यालयों, ATM-लिंक शाखाओं और करेंसी चेस्ट को रविवार को पूरी तरह से चालू रखने की जानकारी दी है। मंत्रालय ने कहा है कि रविवार को बैंकों को खोलने की मंजूरी आरबीआई ने दे दी है।
हड़ताल की वजह से अधिसूचना
UFBU के 28 से 30 सितंबर, 2026 तक तीन दिन की देशव्यापी बैंक हड़ताल के प्रस्ताव को देखते हुए यह सरकार की ओर से यह अधिसूचना जारी की गई है। यह हड़ताल 26 और 27 सितंबर की वीकेंड की छुट्टियों के ठीक बाद हो रही है।
सामान्य रूप से काम करेंगे बैंक
अधिसूचना में कहा गया है कि सरकार ने नागरिकों की बैंकिंग आवश्यकताओं की सुरक्षा के लिए सक्रिय कदम उठाए हैं और सभी सार्वजनिक क्षेत्र के बैंक और क्षेत्रीय ग्रामीण बैंक रविवार, 27 सितंबर, 2026 को सामान्य रूप से कार्य करेंगे।
आरबीआई ने दी मंजूरी
अधिसूचना के मुताबिक, ”जनता की वास्तविक बैंकिंग आवश्यकताओं पर लंबे समय तक प्रतिकूल प्रभाव न पड़े, यह सुनिश्चित करने के लिए सभी सार्वजनिक क्षेत्र के बैंक और क्षेत्रीय ग्रामीण बैंक रविवार, 27 सितंबर, 2026 को सामान्य रूप से कार्य करेंगे। भारतीय रिजर्व बैंक ने इसकी अनुमति दे दी है।” सरकार ने दोहराया कि बैंक ग्राहकों का कल्याण और सुविधा उसकी सर्वोच्च प्राथमिकता है।
कब से शुरू हो रही हड़ताल?
देश भर के बैंक कर्मचारी 28, 29 और 30 सितंबर को 3 दिन की देशव्यापी हड़ताल करेंगे। बैंक यूनियंस लंबे समय से हफ्ते में 5 दिन काम यानी 5-डे वर्किंग की मांग कर रही हैं। यूनियंस का कहना है कि मार्च 2024 में बाइलेटरल वेज रिवीजन एग्रीमेंट के तहत 5-डे बैंकिंग पर सहमति बनी थी और इस पर हस्ताक्षर भी हुए थे, लेकिन सरकार ने इसे अब तक लागू नहीं किया है। इससे पहले यूनियंस ने 11 सितंबर को 1 दिन की हड़ताल की थी और मांग न माने जाने पर 26 अक्टूबर से अनिश्चितकालीन हड़ताल की चेतावनी भी दी है।

