भारतीय सर्राफा बाजार में दोनों कीमती धातुओं के दाम में आई गिरावट
Gold Price Update (द भारत ख़बर), बिजनेस डेस्क : भारतीय सर्राफा बाजार में सोमवार को दोनों कीमती धातुओं के दाम में कमजोरी दर्ज की गई। जानकारों का कहना है कि टैरिफ के बाद अब सर्राफा बाजार को अमेरिका-ईरान युद्ध से पैदा हुआ पश्चिम एशिया संकट प्रभावित कर रहा है। विश्लेषकों के मुताबिक इस सप्ताह सोने और चांदी की कीमतें एक सीमित दायरे में रह सकती हैं, लेकिन रुझान सकारात्मक रहने की उम्मीद है।
इस तरह रहे दोनों कीमती धातुओं के दाम
दोनों के दाम टूटे और दिन का कारोबार समाप्त होने के समय चांदी की कीमत 2290 रुपये गिरकर 2.31 लाख रुपये प्रति किलो पर पहुंच गई। वहीं सोने का भाव 1100 रुपये गिरकर 1.48 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम पर आ गया। राजधानी दिल्ली में 24 कैरेट सोने का भाव घटकर 1,51,070 रुपये प्रति 10 ग्राम पर आ गया, जबकि मुंबई में इसकी कीमत 1,50,920 रुपये प्रति 10 ग्राम दर्ज की गई।
दिलचस्प बात यह है कि गिरावट के बावजूद बीते एक सप्ताह में 24 कैरेट सोना करीब 2,860 रुपये तक महंगा हुआ है। वहीं 22 कैरेट सोने की कीमतों में भी लगभग 2,600 रुपये की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। पिछले सप्ताह शुक्रवार को दिल्ली के सरार्फा बाजार में सोने की कीमत स्थिर रही थी और यह 1,51,500 रुपये प्रति 10 ग्राम पर टिकी रही।
शेयर बाजार की सकारात्मक शुरुआत
पश्चिम एशिया में चल रहे युद्ध में संघर्ष विराम के प्रयासों की खबरों के बीच जहां दक्षिण कोरिया का बेंचमार्क कोस्पी और जापान का निक्केई 225 सूचकांक बढ़त के साथ बंद हुए। वहीं भारतीय शेयर बाजार भी शुरुआती गिरावट को दूर करते हुए दिन का कारोबार बंद होने के समय हरे निशान पर बंद हुआ। इस दौरान बैंक शेयरों में भारी खरीदारी ने भी निवेशकों के मनोबल को समर्थन दिया। अमेरिकी डॉलर के मुकाबले रुपया 13 पैसे बढ़कर 93.05 (अस्थायी) पर बंद हुआ।
इस तरह रहा सेंसेक्स और निफ्टी का हाल
एक उतार-चढ़ाव भरे सत्र में, 30 शेयरों वाला बीएसई सेंसेक्स 787.30 अंक या 1.07 प्रतिशत बढ़कर 74,106.85 पर बंद हुआ। दिन के दौरान, यह 887.91 अंक या 1.21 प्रतिशत बढ़कर 74,207.46 पर पहुंच गया था। 50 शेयरों वाला एनएसई निफ्टी 255.15 अंक या 1.12 प्रतिशत बढ़कर 22,968.25 पर बंद हुआ। सेंसेक्स की 30 कंपनियों में से ट्रेंट के शेयरों में सबसे ज्यादा 7.89 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की गई। एक्सिस बैंक, टाइटन, लार्सन एंड टुब्रो, अल्ट्राटेक सीमेंट और बजाज फाइनेंस भी प्रमुख लाभ कमाने वाली कंपनियों में शामिल थीं। दूसरी ओर, रिलायंस इंडस्ट्रीज, एचसीएल टेक और सन फार्मा पिछड़ गए।
ये भी पढ़ें : Business News Hindi : विकसित भारत लक्ष्य के सामने दोहरी चुनौतियां : वित्त मंत्री

