सेंसेक्स 2,946.32 तो निफ्टी 873.70 अंक ऊपर हुआ बंद, एक ही दिन में कुल बाजार पूंजीकरण में लगभग 16.59 लाख करोड़ रुपए की वृद्धि
Share Market Update (द भारत ख़बर), बिजनेस डेस्क : बीती 28 फरवरी से अमेरिका और ईरान के बीच चल रहे युद्ध को लेकर बुधवार सुबह अमेरिका के सीजफायर की घोषणा हुई और ईरान ने इसकी पुष्टि की तो मानों दुनिया भर के शेयर बाजारों को नई ऊर्जा मिल गई। इसी बीच भारतीय शेयर बाजार जोकि पिछले चार सत्र से लगातार बढ़त के साथ बंद हो रहा था। बुधवार को कामकाज शुरू होते ही झूम उठा। देखते ही देखते यह तीन हजार अंक की बढ़त को पार कर गया। पूरा दिन यह तेजी के साथ काम करता रहा और दिन के अंत में यह बढ़ी बढ़त के साथ बंद हुआ।
इस तरह रहा सेंसेक्स और निफ्टी का हाल
30 शेयरों वाला बीएसई सेंसेक्स 2,946.32 अंक या 3.95 प्रतिशत बढ़कर 77,562.90 पर बंद हुआ। दिन के दौरान, इसमें 3,018.96 अंक या 4 प्रतिशत की वृद्धि हुई और यह 77,635.54 पर पहुंच गया। 50 शेयरों वाला एनएसई निफ्टी 873.70 अंक या 3.78 प्रतिशत बढ़कर 23,997.35 पर बंद हुआ। दिन के दौरान इसमें 901.5 अंक या 3.89 प्रतिशत की तेजी आई और यह 24,025.15 पर पहुंच गया।
सेंसेक्स के शेयरों में इंटरग्लोब एविएशन में सबसे अधिक 8.22 प्रतिशत की उछाल देखी गई। लार्सन एंड टुब्रो, बजाज फाइनेंस, महिंद्रा एंड महिंद्रा, एक्सिस बैंक और मारुति भी प्रमुख लाभ कमाने वाले शेयरों में शामिल थे। टेक महिंद्रा, सन फार्मा और पावर ग्रिड इस मामले में पिछड़ गए। इस तेज उछाल से बीएसई में सूचीबद्ध सभी कंपनियों के कुल बाजार पूंजीकरण में लगभग 16.59 लाख करोड़ रुपये की वृद्धि हुई, जिससे यह बढ़कर 446 लाख करोड़ रुपये हो गया। बुधवार के कारोबारी सत्र के बाद बाजार के सभी प्रमुख सेक्टोरल सूचकांक हरे निशान पर बंद होने में सफल रहे।
सोने और चांदी में भी आया उछाल
बुधवार को भारतीय सर्राफा बाजार में दोनों कीमती धातुओं के दाम में तेजी दिखाई दी और दिन का बाजार बंद होने के समय दिल्ली सरार्फा बाजार में चांदी 11,000 रुपये उछलकर 2,51,000 रुपये प्रति किलो पर पहुंच गई। वहीं सोना भी 3,200 रुपये बढ़कर 1,56,400 रुपये प्रति 10 ग्राम हो गया। जानकारों के मुताबिक वैश्विक संकेत बेहतर होने और निवेशकों की खरीदारी बढ़ने से कीमतों में यह तेजी आई है। वहीं, वायदा कारोबार में सोने की कीमतों में 3,007 रुपये की तेजी दर्ज की गई। अमेरिका और ईरान के बीच दो सप्ताह के संघर्ष विराम समझौते के बाद राहत की भावना और अमेरिकी डॉलर के कमजोर होने से खरीदारी बढ़ी। इस उछाल के साथ, सोने का भाव 1.53 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम हो गया है।
ये भी पढ़ें : RBI Repo Rate : कम ब्याज दरों का दौर लंबे समय तक जारी रहेगा : आरबीआई

