अमेरिका और ईरान के बीच सीजफायर होते ही सर्राफा बाजार में बढ़े कीमती धातुओं के दाम
Gold Price Update (द भारत ख़बर), बिजनेस डेस्क : बुधवार को जैसे ही अमेरिका ने ईरान के खिलाफ चल रहे युद्ध में दो सप्ताह के सीजफायर की घोषणा की और ईरान ने इसकी पुष्टि की तो अंतरराष्टÑीय बाजार का माहौल एकदम से बदल गया। वैश्विक स्तर पर सोने और चांदी की कीमतों में तेजी आई और इसका असर भारतीय सर्राफा बाजार में भी साफ दिखाई दिया।
बाजार खुलते ही दोनों कीमती धातुओं के दाम में तेजी दिखाई दी और दिन का बाजार बंद होने के समय दिल्ली सरार्फा बाजार में चांदी 11,000 रुपये उछलकर 2,51,000 रुपये प्रति किलो पर पहुंच गई। वहीं सोना भी 3,200 रुपये बढ़कर 1,56,400 रुपये प्रति 10 ग्राम हो गया। जानकारों के मुताबिक वैश्विक संकेत बेहतर होने और निवेशकों की खरीदारी बढ़ने से कीमतों में यह तेजी आई है।
शेयर बाजार में तेजी, सेंसेक्स तीन हजार के करीब उछला
अमेरिका और ईरान के बीच सीजफायर होते ही जहां सर्राफा बाजार में तेजी लौटी वहीं भारतीय शेयर बाजार ने भी लंबी छलांग लगाई। हालांकि शेयर बाजार में पिछले चार सत्र से ही तेजी जारी थी लेकिन बुधवार को सीजफायर की घोषणा होने के बाद शेयर बाजार में करीब तीन हजार अंकों का उछाल आया। सेंसेक्स और निफ्टी के लगभग सभी शेयर हरे निशान पर बंद हुए।
इस तेजी के साथ 30 शेयरों वाला बीएसई सेंसेक्स 2,946.32 अंक या 3.95 प्रतिशत बढ़कर 77,562.90 पर बंद हुआ। दिन के दौरान, इसमें 3,018.96 अंक या 4 प्रतिशत की वृद्धि हुई और यह 77,635.54 पर पहुंच गया। 50 शेयरों वाला एनएसई निफ्टी 873.70 अंक या 3.78 प्रतिशत बढ़कर 23,997.35 पर बंद हुआ। दिन के दौरान इसमें 901.5 अंक या 3.89 प्रतिशत की तेजी आई और यह 24,025.15 पर पहुंच गया।
इस कंपनी के शेयर सबसे ज्यादा उछले
सेंसेक्स के शेयरों में इंटरग्लोब एविएशन में सबसे अधिक 8.22 प्रतिशत की उछाल देखी गई। लार्सन एंड टुब्रो, बजाज फाइनेंस, महिंद्रा एंड महिंद्रा, एक्सिस बैंक और मारुति भी प्रमुख लाभ कमाने वाले शेयरों में शामिल थे। टेक महिंद्रा, सन फार्मा और पावर ग्रिड इस मामले में पिछड़ गए। अमेरिका-ईरान के बीच अस्थायी युद्धविराम, तेल की कीमतों में भारी गिरावट और अन्य अनुकूल कारकों के चलते सेंसेक्स और निफ्टी दोनों में 3.5% से अधिक की तेजी आई और लगातार पांचवें सत्र में बढ़त दर्ज की गई।

