अमेरिका और ईरान के बीच तनाव बढ़ने से गिरे सोने और चांदी के दाम
Gold Price Update (द भारत ख़बर), बिजनेस डेस्क : अमेरिका और ईरान के बीच पिछले दिनों पाकिस्तान में हुई वार्ता बिना किसी समझौते के खत्म हो गई। इससे पश्चिम एशिया में शांति की उम्मीद भी टूट गई। वार्ता बेनतीजा होने के बाद अमेरिका और ईरान फिर से एक दूसरे के खिलाफ गंभीर आरोप लगा रहे हैं। जिससे पूरे विश्व में फिर से हालात बिगड़ने का डर पैदा हो गया है।
अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ रहे गतिरोध का असर सप्ताह के पहले ही कारोबारी दिन यानी की सोमवार को भारतीय सर्राफा बाजार पर साफ दिखाई दिया। कमजोर वैश्विक संकेतों और भू-राजनीतिक अनिश्चितता के कारण दिल्ली के सरार्फा बाजार में कीमती धातुओं में बिकवाली और मुनाफावसूली का भारी दबाव देखा गया, जिससे सोने और चांदी दोनों की कीमतों में गिरावट दर्ज की गई।
इस तरह रही सोने और चांदी की कीमतें
सोमवार को राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में कमजोर वैश्विक संकेतों के बीच चांदी की कीमतों में 1,800 रुपये की बड़ी गिरावट दर्ज की गई। शुक्रवार के 2,47,000 रुपये प्रति किलोग्राम के बंद स्तर की तुलना में सोमवार को चांदी करीब 1 प्रतिशत (1,800 रुपये) गिरकर 2,45,200 रुपये प्रति किलोग्राम (सभी करों सहित) पर आ गई।
इसी तरह, 99.9 प्रतिशत शुद्धता वाले सोने के दाम में भी 300 रुपये की गिरावट दर्ज की गई। पिछले कारोबारी सत्र में 1,55,300 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद होने वाला सोना अब 1,55,000 रुपये प्रति 10 ग्राम (सभी करों सहित) पर आ गया है। हाजिर चांदी 1.58 डॉलर या 2.09 प्रतिशत की गिरावट के साथ 74.31 डॉलर प्रति औंस पर आ गई। वहीं, सोना 25.92 डॉलर गिरकर 4,722.26 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार करता दिखा।
सोने-चांदी की कीमतों को लेकर यह बोले जानकार
सोने और चांदी की कीमतों को लेकर सर्राफा बाजार के जानकारों का मानना है कि अमेरिका और ईरान के बीच युद्धविराम को लेकर हुई बातचीत बिना किसी नतीजे के समाप्त होने के बाद सोमवार को कीमती धातुएं गिरावट के साथ खुलीं। बातचीत में आई इस रुकावट ने बाजार की धारणा को नकारात्मक रूप से प्रभावित किया है, जिससे अमेरिकी डॉलर और ट्रेजरी यील्ड में उछाल को समर्थन मिला है। इसके अलावा, होर्मुज जलडमरूमध्य को लेकर भी चिंताएं सरार्फा बाजार पर हावी हैं।

