नई दिल्ली. आयरलैंड और इंग्लैंड के निराशाजनक दौरे के बाद अब भारतीय टीम की नजर जिम्बाब्वे में होने वाली टी20 सीरीज पर है. 23 जुलाई से तीन मैचों की सीरीज की शुरुआत होने जार रही है. इस मुकाबले से पहले जिम्बाब्वे के कप्तान सिकंदर रजा ने भारतीय युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी की जमकर तारीफ की है. उनका मानना है कि अगर 15 साल के बल्लेबाज को सही तरीके से मार्गदर्शन और मौका मिला. वह आने वाले समय में क्रिकेट की दुनिया के सबसे बड़े खिलाड़ियों में शामिल हो सकते हैं.
भारत के लिए हाल ही में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में डेब्यू करने वाले वैभव सूर्यवंशी इंग्लैंड के खिलाफ टी20 सीरीज में बड़ी पारी नहीं खेल सके थे. इसके बावजूद सिकंदर रजा ने उनके टैलेंट पर पूरा भरोसा जताया. जियोस्टार से बातचीत में सिकंदर रजा ने कहा, “वैभव बेहद प्रतिभाशाली खिलाड़ी हैं. अगर 15 साल का कोई बच्चा अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट खेल रहा है, तो सिर्फ दो-तीन मैचों के बाद उसकी आलोचना करना बिल्कुल सही नहीं है. मुझे लगता है कि उनके आसपास कई अनुभवी खिलाड़ी हैं. अगर उनका सही तरीके से मार्गदर्शन किया गया, तो वैभव अपनी पीढ़ी के सबसे बड़े खिलाड़ियों में से एक बन सकते हैं.”

रजा ने कहा कि वैभव सूर्यवंशी ने पिछले एक साल में जो उपलब्धियां हासिल की हैं, वे किसी भी युवा खिलाड़ी के लिए बेहद खास हैं. उन्होंने कहा, “भारत अंडर-19 टीम के लिए उनका प्रदर्शन शानदार रहा है. इतनी कम उम्र में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में डेब्यू करना कोई छोटी बात नहीं है. आजकल ऐसी कहानियां बहुत कम देखने को मिलती हैं. वैभव खास खिलाड़ी हैं और यह बहुत महत्वपूर्ण होगा कि उनका करियर किस तरह संभाला जाता है.”
श्रेयस अय्यर की कप्तानी वाली भारतीय टीम जिम्बाब्वे दौरे पर लगातार दो टी20 सीरीज हारने के बाद उतर रही है. भारत को पहले आयरलैंड के खिलाफ टी20 सीरीज में हार मिली. इसके बाद इंग्लैंड ने भी टीम इंडिया को शिकस्त दी. ऐसे में भारतीय टीम जिम्बाब्वे के खिलाफ जीत के साथ वापसी करना चाहेगी. इस दौरे के लिए विकेटकीपर बल्लेबाज संजू सैमसन को टीम में जगह नहीं मिली है.
श्रेयस अय्यर (कप्तान), ईशान किशन (विकेटकीपर), रिंकू सिंह, शिवम दुबे, अभिषेक शर्मा, यश ठाकुर, प्रभसिमरन सिंह (विकेटकीपर), तिलक वर्मा, रवि बिश्नोई, हर्ष दुबे, सूर्यांश शेडगे, मयंक यादव, अशोक शर्मा, प्रिंस यादव, वैभव सूर्यवंशी
भारत और जिम्बाब्वे के बीच तीन मैचों की टी20 सीरीज का पहला मुकाबला 23 जुलाई को हरारे स्पोर्ट्स क्लब में खेला जाएगा। भारतीय टीम की नजरें इस दौरे पर जीत के साथ लय हासिल करने पर होंगी, जबकि सभी की निगाहें युवा स्टार वैभव सूर्यवंशी के प्रदर्शन पर भी टिकी रहेंगी।

