एशियाई एवं वैश्विक बाजार में तेजी के बावजूद कारोबारी सत्र दूसरे दिन मंगलवार को भी भारतीय शेयर बाजार में गिरावट का सिलसिला रुकने का नाम नहीं ले रहा है। बैंकिंग एवं IT के शेयरों में गिरावट की वजह से बंबई स्टॉक एक्सचेंज (BSE) का सेंसेक्स 194 अंकों की गिरावट के साथ 77,510 पर कारोबार कर रहा है, जबकि नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) का निफ्टी 48 अंक गिरकर 24,189 पर कारोबार कर रहा है। बीएसई पर 30 में से 15 कंपनियां हरे निशान पर, जबकि 12 कंपनियों के शेयर लाल निशान पर कारोबार कर रहे हैं।
इन शेयरों में तेजी
बीएसई पर बजाज फिन्सर्व, इंडिगो, टेक महिंद्रा, एशियन पेंट, अल्ट्रासेमको, टाइटन, कोटक बैंक, बजाज फाइनेंस, भारती एयरटेल, ICICI बैंक, एचसीएल टेक, NTPC के शेयर तेजी के साथ कारोबार कर रहे हैं। बजाज फिन्सर्व के शेयर में सबसे ज्यादा 1.51% की तेजी देखी जा रही है।
इन शेयरों में गिरावट
बीएसई पर एलटी, अडाणी पोर्ट्स, ITC, सन फार्मा, BEL, हिंदुस्तान लीवर, पावरग्रिड, महिंद्रा ऐंड महिंद्रा ट्रेंट, रिलायंस, इटरनल, SBIN, टाटा स्टील, इन्फोसिस, TCS, मारुति और HDFC बैंक के शेयर में गिरावट देखी जा रही है। HDFC बैंक के शेयर में सर्वाधिक 1.29% की गिरावट आई है।
HDFC में नहीं थम रही गिरावट
HDFC बैंक ने शुक्रवार को जून तिमाही के नतीजे घोषित किए हैं। इस तिमाही में मुनाफे के बावजद इसके शेयर में लगातार दूसरे दिन गिरावट का सिलसिला जारी है। भारत में निजी क्षेत्र के सबसे बड़े बैंक HDFC बैंक का मौजूदा वित्त वर्ष की पहली तिमाही में एकल शुद्ध लाभ 4.98% बढ़कर 19,060 करोड़ रुपये रहा। इस अवधि में बैंक को इंट्रेस्ट से होने वाली कुल आय (NII) 6.7% बढ़कर 33,535.9 करोड़ रुपये रही। बैंक का टोटल ऐसेट्स पर नेट इंट्रेस्ट मार्जिन (NIM) 3.26% रहा, जबकि इंट्रेस्ट-अर्निंग ऐसेट्स पर 3.40% रहा।
ब्रॉडर शेयरों का रुख
निफ्टी 100 में 0.22%, निफ्टी स्मॉलकैप 100 में 0.26% में तेजी देखी जा रही है। वहीं बीएसई पर बीएसई 50 स्मॉलकैप इंडेक्स में 0.06% की तेजी देखी जा रही है, जबकि बीएसई 100 लार्जकैप टीएमसी इंडेक्स में 0.19% की गिरावट देखी जा रही है।
कच्चे तेल की कीमत गिरी
मंगलवार को कच्चे तेल की कीमत में मामूली गिरावट दर्ज की गई। ब्रेंट क्रूड 1.05% क गिरावट के साथ प्रति बैरल 88.21 डॉलर पर कारोबार कर रहा है। रॉयटर्स की रिपोर्ट के मुताबिक, मिडिल ईस्ट में जारी भीषण जंग के बीच ईरान-अमेरिका के अंतरिम समझौते पर फिर से बात के लिए मध्यस्थों ने 10 दिन के सीजफायर का प्रपोजल रखा है। इस वजह से कच्चे तेल की कीमत में थोड़ी गिरावट आई है।

