नई दिल्ली. दिल्ली एनसीआर में बारिश ने अपना कहर मचाना शुरू कर दिया है. मंगलवार को हुई तेज बारिश ने शहर की रफ्तार को धीमा कर दिया. सुबह से लगातार हुई बारिश से नोएडा और दिल्ली के कई इलाकों में जलभराव की स्थिति पैदा हो गई. इसकी वजह से सड़क पर चलने वाले लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा. नोएडा के सेक्टर-16 मेट्रो स्टेशन के पास भारी बारिश के कारण सड़क का डिवाइडर ढह गया. अच्छी बात यह रही कि घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है.
घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई. क्षतिग्रस्त डिवाइडर के कारण वाहन चालकों को सावधानी से गुजरना पड़ा. प्रशासन ने जल्द ही क्षतिग्रस्त हिस्से का निरीक्षण कर मरम्मत कार्य शुरू करने की बात कही. बारिश की वजह से नोएडा की कई प्रमुख सड़कों पर जलभराव हो गया. इससे सुबह और शाम के व्यस्त समय में लंबा ट्रैफिक जाम देखने को मिला. दफ्तर जाने वाले लोगों और अन्य यात्रियों को काफी देर तक जाम में फंसे रहना पड़ा.
#WATCH | Uttar Pradesh: Visuals from near Noida Sector 16 Metro Station where a portion of the divider collapsed due to heavy rain in the area. pic.twitter.com/2563x9nvVw
— ANI UP/Uttarakhand (@ANINewsUP) July 28, 2026
राजधानी दिल्ली में भी तेज बारिश ने जनजीवन प्रभावित किया. कई प्रमुख सड़कें और अंडरपास पानी में डूब गए. पांडव नगर अंडरपास और आर/ए मुर्गा मंडी इलाके में भारी जलभराव के बाद नगर निगम की टीमें पानी निकालने के काम में जुट गईं. दिल्ली के प्रमुख कारोबारी क्षेत्र कनॉट प्लेस के जी-ब्लॉक कोलोनेड में भी पानी भर गया. कई दुकानों के अंदर तक बारिश का पानी पहुंच गया, जिससे व्यापारियों को नुकसान उठाना पड़ा. खान मार्केट के पास स्थित लोधी एस्टेट क्षेत्र में भी जलभराव से वाहन चालकों और राहगीरों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा. राजधानी के सबसे व्यस्त चौराहों में शामिल आईटीओ इलाके में भी भारी बारिश के चलते सड़कें पानी में डूब गईं और यातायात बुरी तरह प्रभावित हुआ.
भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने अगले कुछ दिनों तक दिल्ली-एनसीआर में बारिश जारी रहने की संभावना जताई है. मौसम विभाग ने लोगों को भारी बारिश के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने ही हिदायत दी. जलभराव वाले क्षेत्रों में खास सावधानी बरतने की सलाह दी है. प्रशासन भी लगातार हालात पर नजर बनाए हुए है. प्रभावित इलाकों में राहत एवं मरम्मत कार्य तेज कर दिया गया है.

