HUL Q1 Result: हिंदुस्तान यूनिलीवर लिमिटेड (HUL) ने 28 जुलाई को अपने वित्तीय नतीजे घोषित कर दिए। चालू वित्त वर्ष की पहली तिमाही में कंपनी का स्टैंडअलोन नेट प्रॉफिट 4% घटकर 2,631 करोड़ रुपये रहा। पिछले वित्त वर्ष की समान तिमाही में यह मुनाफा 2,732 करोड़ रुपये था। कंपनी के मुताबिक, मध्यपूर्व में जारी संघर्ष की वजह से कच्चा माल महंगा होने और खर्च बढ़ने से मुनाफा घटा है।
महंगाई का दबाव बरकरार
हिंदुस्तान यूनिलीवर ने कहा, ”कमोडिटी की कीमतों में उतार-चढ़ाव जारी है और शॉर्ट-टर्म में महंगाई का दबाव भी बरकरार रहने की उम्मीद है।” कंपनी का कोर अर्निंग मार्जिन 40 बेसिस पॉइंट घटकर 22.8% रहा। कंसोलिडेटेड अंडरलाइंग वॉल्यूम में 5% की वृद्धि की मदद से, ऑपरेशन से कंपनी के प्रॉडक्ट की बिक्री 10% बढ़कर 16,514 करोड़ रुपये रही, जो पिछले साल की समान तिमाही में 15,003 करोड़ रुपये थी।
कंपनी के शेयर गिरे
नतीजे जारी होने के बाद सुबह 10.45 बजे HUL के शेयर की कीमत 3.4% की गिरावट के साथ 2,100.5 रुपये रही। बीती तिमाही में कंपनी को रिस्ट्रक्चरिंग पर 115 करोड़ रुपये का खर्च हुआ। साथ ही, एक्विजिशन और डिस्पोजल में 5 करोड़ रुपये का खर्च हुआ। इन सबको हटाने के बाद कंपनी का मुनाफा 9% बढ़कर 3,623 करोड़ रुपये रहा।
नेट प्रॉफिट 3% घटा
कंसोलिडेटेड आधार पर, नेट प्रॉफिट 3% घटकर 2,673 करोड़ रुपये हो गया, जबकि प्रोडक्ट्स की बिक्री से रेवेन्यू 10.3% बढ़कर 17,149 करोड़ रुपये हो गया। कंपनी ने बताया है कि पिछली 13 तिमाही में यह उसका सबसे ज्यादा टर्नओवर है।
अर्थव्यवस्था ने दिखाई मजबूती
कंपनी की सीईओ और एमडी प्रिया नायर ने कहा, ”ग्लोबल जियोपॉलिटिकल अस्थिरता के बावजूद, भारतीय अर्थव्यवस्था ने मजबूती दिखाई, जिसमें सक्रिय फिस्कल और मॉनेटरी पॉलिसी उपायों का सहयोग मिला। तिमाही के दौरान डिमांड का माहौल स्थिर रहा।”

