राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के नरेला में शनिवार सुबह एक भीषण दुर्घटना हुई है। एक मर्सिडीज कार और वैगनआर की टक्कर हो गई। इस घटना में एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने घटना की जांच की।
जबरदस्त हुई टक्कर
हादसा सुबह करीब आठ बजे हिमालयाज अपार्टमेंट के सामने हुआ। टक्कर इतनी तेज थी कि वैगनआर पीछे की ओर जाकर पास में खड़े तीन पहिया लोडिंग वाहन से जा टकराई। पुलिस की शुरुआती जांच में पता चला कि हादसे में क्षतिग्रस्त हुई मर्सिडीज कार के अंदर से बीयर की बोतल मिली है। हालांकि, अभी यह नहीं पता चला कि हादसा कैसे हुआ। पुलिस घटना की जांच कर रही है।
महिला की मौके पर मौत
पुलिस के अनुसार, हादसे के दौरान मामुरपुर निवासी उर्मिला पत्नी सत्यनारायण वाहनों की चपेट में आ गईं। गंभीर चोट लगने के कारण उनकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, वैगनआर चालक को मामूली चोटें आईं, जिसे प्राथमिक उपचार दिया गया। हादसे के कारणों और वाहन चालकों की भूमिका की जांच की जा रही है। मौके पर किसी तरह की भीड़ या तनाव की स्थिति नहीं बनी।

