नई दिल्ली. टीम इंडिया के पूर्व ऑलराउंडर युवराज सिंह ने इंग्लैंड के स्टुअर्ट ब्रॉड की 6 बॉल पर लगातार 6 छ्क्के लगाकर 2007 में सनसनी फैला दी थी. अब इंग्लैंड के बैटर ने ऐसा ही कुछ कारनामा कर दिखाया है. हालांकि युवी के सिक्सर टी20 इंटरनेशनल में आए थे जबकि टोबी अल्बर्ट ने घरेलू क्रिकेट में इस उपलब्धि को हासिल किया. इंग्लैंड के घरेलू वनडे कप में हैम्पशायर के लिए खेलते हुए 24 साल के बल्लेबाज ने इस तूफानी खास लिस्ट में जगह बनाई. लिस्ट-ए क्रिकेट में ऐसा कुछ ही बैटर इससे पहले कर पाए हैं. अल्बर्ट ने ससेक्स के खिलाफ एक ही ओवर में लगातार छह गेंद पर छह छक्के जड़ दिए.
काउंटी ग्राउंड हॉव में खेले गए मैच में अल्बर्ट ने आतिशी पारी खेली और महज 26 गेंद में अपनी फिफ्टी पूरी की. हैम्पशायर ने इस मुकाबले में 50 ओवर में 9 विकेट पर 383 रन का पहाड़ जैसा स्कोर खड़ा किया. इसमें टीम को ओपनर बेन मायर्स और अली ओर्र की शतकीय पारी भी शामिल थी. दोनों ने पहले विकेट के लिए 225 रन की साझेदारी कर डाली. अली 105 रन बनाकर आउट हुए और फिर टोबी ने मैदान पर कदम रखा और 37 बॉल पर 8 छक्के और 5 चौके की मदद से 86 रन की पारी खेल डाली.
In the midst of all the chaos, Toby Albert actually hit six consecutive sixes 😱😱😱 https://t.co/atROgWf5Hz
— Hampshire Cricket (@hantscricket) August 9, 2026
टोबी की पारी के दौरान जो 8 छक्के आए उसमें से 6 उन्होंने 44वें ओवर में लगाए. अल्बर्ट ने रॉबर्ट किर्टली के ओवर में 6 बॉल पर लगातार छह छक्के मारे. बॉलर ने पूरी कोशिश की और हर बार गेंद को अलग-अलग लेंथ पर डाली बॉल की गति में भी परिवर्तन किया लेकिन फिर भी नतीजा नहीं बदल पाए. अल्बर्ट ने हर गेंद को बाउंड्री के पार पहुंचा दिया.पहला छक्का उन्होंने लॉन्ग ऑफ के ऊपर से लगाया. अगली बॉल धीमी आई तो उसे डीप मिडविकेट के ऊपर से टोबी ने बाउंड्री पार पहुंचा दिया.
इसके बाद अगली गेंद गेंदबाज के सिर के ऊपर से दर्शकों के बीच पहुंचा दिया. चौथी और पांचवीं गेंद पर जब छक्का आया तो यह तय हो गया था कि आखिरी बॉल चाहे जैसी भी आए वो बाउंड्री पार ही जाएगी. हुआ भी ऐसा ही आखिरी गेंद को लॉन्ग ऑन के ऊपर से टोबी ने छक्के के लिए भेज छह छक्कों का रिकॉर्ड बना डाला और खास लिस्ट में जगह बनाई.

