Know you CKYC Number: आजकल शायद ही कोई व्यक्ति होगा जिसे KYC के बारे में पता नहीं होगा। लेकिन क्या आपको सेंट्रल नो योर कस्टमर (CKYC) नंबर के बारे में पता है? यह 14 अंकों का एक यूनिक आइडेंटिफायर है, जो यह पक्का करता है कि बैंक और वित्तीय खाते आसानी से पारदर्शी तरीके से खुलें।
भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) प्रेस विज्ञप्तियों और टेक्स्ट मैसेज के जरिए लोगों को सीकेवाईसी नंबर के बारे में जानकारी दे रहा है और इस नंबर के महत्व को समझने का अनुरोध करता रहा है। 14 अंकों का यह यूनिक नंबर अकाउंट खोलने की प्रक्रिया और वित्तीय लेन-देन को आसान बनाता है। साथ ही, अन्य वित्तीय संस्थानों में अकाउंट खोलने में मदद करता है।
CKYC नंबर सेंट्रल केवाईसी रिकॉर्ड रजिस्ट्री (CKYCR) में दर्ज व्यक्ति के KYC रिकॉर्ड से लिंक होता है। जब आपका केवाई डीटेल रजिस्टर किया जाता है, तो जरूरत पड़ने पर वित्तीय संस्थान आपकी सहमति से इन रिकॉर्ड को ऐक्सेस कर सकता है। इससे बार-बार केवाईसी करने की जरूरत नहीं होती।
CKYC नंबर क्यों जरूरी है?
CKYC एक ऐसा सिस्टम है जिसे कस्टमर ऑनबोर्डिंग (नए कस्टमर को जोड़ने की प्रक्रिया) को तेज, आसान और ज्यादा कुशल बनाने के लिए बनाया गया है। यह नंबर यह पक्का करता है कि हर फाइनेंशियल इंस्टीट्यूशन, बैंक, ब्रोकरेज हाउस, म्यूचुअल फंड हाउस, इंश्योरेंस कंपनी या नॉन-बैंकिंग फाइनेंशियल कंपनी (NBFC) के लिए अलग-अलग KYC प्रोसेस पूरा करने के बजाय, कस्टमर का CKYC नंबर इस्तेमाल करके इंस्टीट्यूशन सेंट्रल रजिस्ट्री से उनकी मौजूदा KYC जानकारी हासिल कर सकें।
बार-बार वेरिफिकेश की जरूरत खत्म
इससे बहुत सारा कागजी काम, समय और बार-बार होने वाली क्रॉस-वेरिफिकेशन की जरूरत खत्म हो जाती है। साथ ही, इससे जांच और वेरिफिकेशन की प्रक्रिया तेज हो जाती है, जिससे फाइनेंशियल सर्विस लेने या फाइनेंशियल प्रोडक्ट या सर्विस में निवेश करने का अनुभव आसान और बिना किसी रुकावट वाला हो जाता है।
आपको अपना CKYC नंबर कैसे मिलेगा?
RBI के मुताबिक, CKYC नंबर पाने के कई तरीके हैं।
1. अपना CKYC नंबर पाने के लिए अपने बैंकिंग या वित्तीय संस्थान से संपर्क करें।
2. 7799022129 पर मिस्ड कॉल दें। आपको आपका CKYC नंबर का ऐक्सेस मिल जाएगा।
3. CKYC के ऑफिशियल पोर्टल पर जाएं और इससे जुड़ी जानकारी चेक देखें। आप https://www.ckycindia.in/ckyc/index.php पर क्लिक करके CKYC की आधिकारिक वेबसाइट पर जा सकते हैं।
CKYC पर जागरूकता फैला रहा RBI
आरबीआई ने बार-बार लोगों को सलाह दी है कि वे अपने CKYC के स्टेटस के बारे में जागरूक और सतर्क रहें। अपने प्रमुख वित्तीय जागरूकता अभियान के तहत, आरबीआई अपनी पहल ‘आरबीआई कहता है, जानकारी बनिए, सतर्क रहिए’ के जरिए नागरिकों को CKYC के कायदे-कानून और महत्व के बारे में ज्यादा जानकारी लेने के लिए उत्साहित करता है।

