Nissan July Result: बीते कुछ वर्षों से खराब प्रदर्शन का सामना कर रही दिग्गज ऑटोमोबाइल कंपनी Nissan का जुलाई में जबरदस्त प्रदर्शन रहा। Magnite की मांग बरकरार रहने और नई Tekton SUV के लॉन्च होने से बीते महीने कंपनी की बिक्री साल दर साल आधार पर 218% बढ़कर 4,518 यूनिट रही। पिछले साल जुलाई में यह आंकड़ा महज 1,420 था। जुलाई में महीने दर महीने के आधार पर भी गाड़ियों की बिक्री में 50.30% की तेजी दर्ज की गई। जून में कंपनी ने 3,006 गाड़ियां बेची थीं।
पोर्टफोलियो विस्तार से मिली मदद
SUV पोर्टफोलियो में विस्तार की बदौलत जुलाई की बिक्री में बढ़ोतरी निसान की जबरदस्त वापसी को दर्शता है। घरेलू बिक्री के साथ-साथ निर्यात में भी बढ़ोतरी देखी गई। इस अवधि में कंपनी ने 4,821 गाड़ियों को निर्यात किया, जिसके साथ कंपनी की कुल बिक्री बढ़कर 9,339 हो गई। निसान भारत में अपनी जितनी भी गाड़ियां बनाता है, वे रेनॉल्ट इंडिया के चेन्नई प्लांट में बनती हैं।
Tekton ने दी निसान को रफ्तार
टेक्टॉन को बीते 9 जुलाई को लॉन्च किया गया और 20 जुलाई से इसकी डिलीवरी शुरू कर दी गई। इस SUV से निसान को अपनी बिक्री की रफ्तार बढ़ाने में काफी मदद मिली। पहले महीने में ही टेक्टॉन की 1,670 यूनिट बिकीं, जिससे इसने अति प्रतिस्पर्धी मिड-साइज SUV सेगेमेंट में तुरंत अपनी छाप छोड़ी।
प्रतिद्वंद्वियों को दी जबरदस्त टक्कर
जुलाई में इसके प्रतिद्वंद्वियों की बात करें तो होंडा एलिवेट की 1,949 यूनिट, टाटा कर्व की 1697 यूनिट, फॉक्सवैगन टाइगून 1,225 यूनिट, स्कोडा कुशाक 833 यूनिट और रेनॉल्ट डस्टर की 512 यूनिट बिकीं। हालांकि, क्रेटा, सेल्टॉस, विक्टोरिस, हाइराइडर, ग्रैंड विटारा और सिएरा का इस सेगमेंट में दबदबा कायम रहा। टेक्टॉन के शुरुआती प्रदर्शन से निसान की बाजार में पकड़ फिर से मजबूत हुई है, क्योंकि आने वाले समय में इसके उत्पादन में और वृद्धि होगी।
निर्यात से मिल रही मजबूती
घरेलू मांग में जबरदस्त वृद्धि के साथ ही निर्यात निसान इंडिया के ऑपरेशन में बराबर की भूमिका निभा रहा है। जुलाई 2026 में निसान ने 4,821 वाहनों का निर्यात किया, जबकि इस अवधि में घरेलू बिक्री 4,518 से ज्यादा है। कंपनी की कुल बिक्री 9,399 यूनिट है, जो चेन्नई मैन्युफैक्चरिंग फैसिलिटी को घरेलू उत्पाद के साथ-साथ ग्लोबल एक्सपोर्ट के बेस के तौर पर दर्शा रहा है।

