नई दिल्ली. भारत और जापान के बीच खेला जाने वाले टी20 मुकाबले की जितनी चर्चा होने पहले थी, उससे ज्यादा बात अब हो रही है. मैच के दौरान भारतीय टीम बड़ी मुश्किल से जीत हासिल करने में कामयाब हो पाई. मुकाबले के दौरान जो बवाल हुआ वो सुर्खियों में है. आखिरी ओवर में वाइड बॉल के फैसले को लेकर विवाद पैदा हो गया. अगर यह वापस ना लिया जाता तो मैच का नतीजा कुछ और हो सकता था. श्रेयस अय्यर ने अंपायर से जाकर बात की थी और इसी वजह से फैसला बदला.
जापान के खिलाफ T20I मुकाबले में एक बड़ा अंपायरिंग विवाद सामने आया है. मैच के आखिरी ओवर में फील्ड अंपायर क्रिस थर्गेट (Chris Thurgate) ने ‘वाइड बॉल’ का फैसला वापस लेने (ओवरटर्न) के बाद हर तरफ इसे लेकर बातें शुरू हो गई. इस विवादित फैसले के दम पर भारतीय टीम ने जापान को 2 रन से हराकर एक बड़े उलटफेर से खुद को बचा लिया.
जापान को भारत के खिलाफ जीत के लिए आखिरी 4 गेंद पर 7 रनों की दरकार थी. अक्षर पटेल 5वां (अंतिम) ओवर फेंक रहे थे.बारिश की वजह से मैच को 5-5 ओवर का करना पड़ा था.
— Ben Gardner (@Ben_Wisden) September 22, 2026
पहली गेंद: अक्षर ने जापान के बाएं हाथ के बल्लेबाज अलेक्जेंडर शिराई-पैटमोर (Alexander Shirai-Patmore) को गेंद डाली. उन्होंने इसे रिवर्स स्वीप खेलने की कोशिश की और अंपायर ने इसे वाइड करार दिया.
दूसरी गेंद: अगली ही बॉल पर भी सबकुछ बिल्कुल पहली गेंद पर जो हुआ वही वाकया दोहराया गया. इस पर गेंदबाज अक्षर पटेल और विकेटकीपर संजू सैमसन ने अंपायर के फैसले को लेकर नाराजगी जाहिर की. इसके बाद कप्तान श्रेयस अय्यर ने जाकर तुरंत अंपायर क्रिस थर्गेट से बात की. कुछ देर इस फैसले को लेकर दोनों के बीच बहस हुई.
फैसला पलटा: श्रेयस अय्यर से बात करने के बाद अंपायर थर्गेट ने लेग-अंपायर क्रिस ब्राउन (Chris Brown) से बात करने गए. उन्होंने इस फैसले को लेकर चर्चा की और अगली गेंद फेंके जाने से पहले वाइड के फैसले को वापस ले लिया. जैसे ही यह फैसला बदला मैच का नक्शा ही बदल गया. जापान की टीम को वाइड मिलने के बाद 4 गेंद में 5 रन बनाना था जबकि फैसला बदलने की वजह से यह बदलकर 3 गेंद में 6 रन हो गया. यहां से मैच का रुख भारत के पक्ष में मुड़ गया. आपको बता दें कि इस मुकाबले में DRS (डिसीजन रिव्यू सिस्टम) या थर्ड अंपायर मौजूद नहीं था. ऑन-फील्ड अंपायर का फैसला ही आखिरी फैसला होने वाला था.
क्या अंपायर को फैसला बदलने की अनुमति है? (एमसीसी नियम)
एमसीसी (MCC) के नियम 2.12 के अनुसार:
“अंपायर अपने द्वारा लिए गए किसी भी फैसले को बदल सकता है, बशर्ते यह बदलाव तुरंत किया गया हो और अगली गेंद फेंके जाने से पहले हुआ हो.”

