Penalty on Meta: फेसबुक और इंस्टाग्राम जैसे सोशल मीडिया साइटों का संचालन करने वाली कंपनी मेटा को मेक्सिको की एक अदालत ने करारा झटका दिया है। कंपनी के प्लेटफॉर्म से बच्चों की सुरक्षा के मामले में न्यू मेक्सिको में एक अमेरिकी जज ने मेटा पर $567 मिलियन (करीब 5,600 करोड़ रुपये) का अतिरिक्त जुर्माना भरने का आदेश दिया है।
बच्चों की सुरक्षा के मामले में जुर्माना
यह जुर्माना इसलिए लगाया गया है क्योंकि कंपनी अपने प्लेटफॉर्म से बच्चों को होने वाले खतरों के बारे में लोगों को आगाह करने में नाकाम रही। बच्चों की सुरक्षा के मामले में कंपनी के खिलाफ यह अब तक का सबसे बड़ा फैसला है।
कुल 8000 करोड़ रुपये का जुर्माना
जज ब्रायन बीडशेड ने कहा कि यह सोशल मीडिया कंपनी वायु प्रदूषण की तरह ही ‘जनता के लिए परेशानी’ का कारण है और उसे यह पैसा ऐसे फंड में जमा करना होगा जिसका मकसद भविष्य में होने वाले नुकसान को कम करना है। गुरुवार के फैसले के तहत मेटा को पहले से तय $375 मिलियन के जुर्माने (करीब 3,700 करोड़ रुपये) के अलावा और भी पैसे देने होंगे, जिससे कुल जुर्माना $942 मिलियन (लगभग 8,000 करोड़ रुपये) हो जाएगा।
यौन शोषण को बताया प्रदूषण
जज बीडशाइड ने मेटा की तुलना एक फैक्टरी से की, जिसके प्रोडक्ट विज्ञापन और कंटेंट हैं, और ‘बच्चों को होने वाले मानसिक नुकसान और उनके यौन शोषण को ऐसा प्रदूषण बताया जिसे कम किया जाना चाहिए।’
फैसले से सहमत नहीं है कंपनी
मेटा के एक प्रवक्ता ने गुरुवार को कहा, ”हम इस फैसले से सहमत नहीं हैं और इसके खिलाफ अपील करेंगे।” उन्होंने कहा कि हम अपने प्लेटफॉर्म पर लोगों को सुरक्षित रखने के लिए कड़ी मेहनत करते हैं और गलत काम करने वालों और नुकसानदेह कंटेंट की पहचान करने और उन्हें हटाने में आने वाली चुनौतियों के बारे में हमने हमेशा खुलकर बात की है। हमें ऑनलाइन टीनएजर्स की सुरक्षा के अपने रिकॉर्ड पर पूरा भरोसा है और हम उन दावों का जवाब देते रहेंगे जो तथ्यों को गलत तरीके से पेश करते हैं।
पहले की तरह अपील करेगी मेटा
इस मामले में पहले आए $375 मिलियन के फैसले के बारे में मेटा ने कहा था कि वह फैसले के ख़िलाफ अपील करना चाहती है और उसने ऐसा ही कारण बताया था। यह पहली बार था जब किसी राज्य ने बच्चों की सुरक्षा से जुड़े मुद्दों पर मेटा के खिलाफ मुकदमा जीतकर सफलता हासिल की थी।
मेटा पर ऐसे हजारों मुकदमे
मेटा को अभी अमेरिका में ऐसे ही मुद्दों पर हजारों मुकदमों का सामना करना पड़ रहा है। न्यू मैक्सिको के फैसलों के अलावा, मेटा इसी साल लॉस एंजेल्स में भी इसी तरह के आरोपों वाले एक मुकदमे में हार गई थी।

