नई दिल्ली. भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) के मुख्य चयनकर्ता अजीत अगरकर की विदाई लगभग तय माना जा रही है. जानकारी के मुताबिक बोर्ड की तरफ से अगले चेयरमैन की नियुक्ति की प्रक्रिया शुरू कर दी है. अगरकर का मौजूदा कार्यकाल 4 अक्टूबर को खत्म हो रहा है और इसके बाद एक्सटेंशन मिलने की संभावना कम है. उनकी जगह लेने वालों की रेस में पूर्व भारतीय विकेटकीपर पार्थिव पटेल और स्पिनर प्रज्ञान ओझा का नाम आगे चल रहा है.
अजीत अगरकर को जुलाई 2023 में मुख्य चयनकर्ता की जिम्मेदारी दी गई थी. ऐसा माना जा रहा था कि उनका कार्यकाल 2027 वनडे विश्व कप तक बढ़ाया जा सकता है. पिछले कुछ महीनों में हुए घटनाक्रम के बाद स्थिति बदलती दिख रही है. रिपोर्ट के मुताबिक बीसीसीआई और अगरकर के बीच रिश्ते बिगड़ चुके हैं. इसकी वजह उनके द्वारा लिए गए कुछ फैसले हैं. खास कर पूर्व कप्तान रोहित शर्मा को लेकर जो विवाद पिछले इंग्लैंड दौरे पर आया वो सबसे अहम है.
NDTV की रिपोर्ट के अनुसार, BCCI ने संभावित उम्मीदवारों के तौर पर पूर्व भारतीय विकेटकीपर-बल्लेबाज पार्थिव पटेल और मौजूदा चयन पैनल के सदस्य प्रज्ञान ओझा के नामों पर विचार किया है. आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 से पहले प्रज्ञान ने जैसे चयन समिति में अपने विचार रखे और शुभमन गिल को बाहर किया गया. उनकी जगह पर ईशान किशन की टीम में वापसी हुई. टी20 टीम से गिल को बाहर किए जाने में ओझा का वोट अहम साबित हुआ था.
रिपोर्ट्स में दावा किया गया था कि चयनकर्ताओं ने पूर्व कप्तान रोहित शर्मा को बताया था कि उनकी जगह भविष्य की वनडे टीम में नहीं बन रही. 2027 वनडे विश्व कप को ध्यान में रखते हुए किसी युवा खिलाड़ी को नियमित मौके देने पर विचार किया जा रहा है.रोहित ने टेस्ट और टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास ले लिया है. अब पूर्व कप्तान सिर्फ वनडे क्रिकेट खेल रहे हैं. इंग्लैंड दौरे पर आखिरी वनडे से पहले रोहित के संन्यास की खबरें सामने आई थी. इसके बाद BCCI सचिव देवजीत सैकिया सामने आकर इसे अफवाह बताया था. रोहित को संन्यास लेने के लिए मजबूर नहीं किया जा रहा.

