Air India appoints new CEO: एयर इंडिया ने लगातार हो रहे घाटे के बीच एक बड़ा कदम उठाया है। टाटा संस के स्वामित्व वाली देश की दूसरी सबसे बड़ी एयलाइन कंपनी ने बुधवार को इथियोपियन एयरलाइंस ग्रुप के पूर्व प्रमुख टेवोल्डे गेब्रेमारियम को अपना अगला मैनेजिंग डायरेक्टर (MD) और चीफ एग्जीक्यूटिव ऑफिसर (CEO) नियुक्त करने की घोषणा की। वह कैंपबेल विल्सन की जगह लेंगे, जिन्होंने इस साल अप्रैल में अपने इस्तीफे की घोषणा की थी।
दुनियाभर के उम्मीदवारों का हुआ मूल्यांकन
एक बयान में एयर इंडिया ने कहा कि गेब्रेमारियम को चुनने से पहले उसने दुनिया भर के अंदरूनी और बेहद कामयाब बाहरी उम्मीदवारों का बारीकी से मूल्यांकन किया। यह नियुक्ति ऐसे अहम समय पर हुई है, जब घाटे में चल रही एयर इंडिया कई बाहरी चुनौतियों के बावजूद अपने विस्तार पर काम कर रही है।
‘शानदार है गेब्रेमारियम की लीडरशीप’
एयर इंडिया ने एक बयान में कहा कि गेब्रेमारियम ने इथियोपियन एयरलाइंस ग्रुप के CEO के तौर पर काम किया है। उन्होंने कई अरब डॉलर के विस्तार का नेतृत्व किया और एक क्षेत्रीय एयरलाइन को अफ्रीका की सबसे बड़ी और सबसे ज्यादा मुनाफा कमाने वाली एयरलाइन में बदल दिया।
‘मुनाफे के साथ विस्तार का रिकॉर्ड’
एयर इंडिया ने कहा कि नए CEO की तलाश शुरू करने से पहले कंपनी का बोर्ड ऐसे लीडर की पहचान करना चाहता था, जिसका बड़े पैमाने पर एयरलाइन को बेहतर बनाने, ऑपरेशन में बेहतरीन काम करने, सुरक्षा और सर्विस का मजबूत कल्चर बनाने और मुनाफे के साथ विस्तार करने का साबित रिकॉर्ड हो।
‘ट्रैक रिकॉर्ड कंपनी के उपयुक्त’
टाटा संस और एयर इंडिया के चेयरमैन एन. चंद्रशेखरन ने टेवोल्डे गेब्रेमारियम का कंपनी में स्वागत करते हुए कहा कि एक सफल लीडर के तौर पर उनका ट्रैक रिकॉर्ड कंपनी के लिए बिल्कुल सही है। उन्होंने कहा, “बोर्ड की ओर से मैं एयर इंडिया में टेवोल्डे का स्वागत करते हुए बहुत खुश हूं। कैंपबेल की देखरेख में स्टेबलाइजेशन, इंटीग्रेशन और फ्लीट से जुड़े शुरुआती काम पूरे करने के बाद, एयर इंडिया अब काम को असल में लागू करने और विस्तार के एक अहम दौर में प्रवेश कर रही है।
‘नेतृत्व के लिए सबसे उपयुक्त’
उन्होंने कहा, ”दुनिया के सबसे कुशल और मुनाफा कमाने वाले एयरलाइन ग्रुप्स में से एक को खड़ा करने का टेवोल्डे का अनुभव उन्हें एयर इंडिया का नेतृत्व करने के लिए सबसे उपयुक्त बनाता है। उनकी ऑपरेशनल विशेषज्ञता, सुरक्षा के प्रति प्रतिबद्धता और हब डेवलपमेंट के लिए उनका विजन बहुत अहम साबित होगा, क्योंकि हम एयर इंडिया को एक प्रमुख ग्लोबल कैरियर और राष्ट्रीय गौरव का प्रतीक बनाने की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं।”

