नई दिल्ली. पाकिस्तान की टीम ने अपना पूरा दम लगाकर वेस्टइंडीज के खिलाफ दो टेस्ट मैचों की सीरीज 1-1 से बराबर कर नाक कटने से बचाया. बाबर आजम की टेस्ट में कप्तान के तौर पर वापसी यादगार रही. वेस्टइंडीज के खिलाफ दो मैचों की टेस्ट सीरीज के दूसरे मुकाबले में शानदार खेल दिखाते हुए आठ विकेट से जीत दर्ज की. पहला मुकाबला 90 रन से हारने के बाद सीरीज में 0-1 से टीम पीछे हो चुकी थी. इस जीत ने टीम को क्लीन स्वीप से बचा लिया. ट्रिनिडाड के क्वींस पार्क ओवल में खेले गए मुकाबले में पाकिस्तान ने चौथे दिन लंच जीत हासिल किया. वेस्टइंडीज की टीम दूसरी पारी में महज 117 रन पर सिमट गई. पाकिस्तान के सामने 75 रन का आसान लश्र्य था. दो विकेट गंवाकर टीम ने जीत हासिल की. अब्दुल्ला शफीक और कप्तान बाबर आजम ने 24-24 रन की नाबाद पारी खेली.
मेजबान वेस्टइंडीज की टीम ने पहली पारी में जस्टीन ग्रीव्स और कप्तान रोस्टन चेज की अर्धशतकीय पारी के दम पर 344 रन बनाए थे. ब्रैंडन किंग ने 46 रन का योगदान दिया था. पाकिस्तान ने अब्दुल्ला शफीक के 160 रन की रिकॉर्ड पारी और कप्तान बाबर आजम के 88 रन के दम पर 387 रन बनाए. वेस्टइंडीज के खिलाफ 1977 के बाद 150 रन से ज्यादा की पारी खेलने वाले शफीक पहले पाक बैटर बने. पहली पारी में 43 रन की अहम बढ़त हासिल करने के बाद पाकिस्तान के गेंदबाजों ने कातिलाना बॉलिंग की. वेस्टइंडीज अली उस्मान और साजिद खान की घातक गेंदबाजी के आगे महज 117 रन ही बना पाया. बाबर आजम की टीम ने 4 दिन में मैच जीतकर सीरीज में 1-1 की बराबरी की.

तीसरे दिन छह विकेट पर 103 रन से आगे खेलने उतरी मेजबान टीम को पाकिस्तान के स्पिनरों ने जल्दी समेट दिया. 75 रन के छोटे से लक्ष्य को हासिल करने उतरे पाकिस्तान ने इमाम-उल-हक और अजान अवैस का विकेट जल्दी गंवा दिया. ऐसा लग रहा था कहीं मेजबान टीम एक बार फिर से पाकिस्तानी बैटिंग को ढेर ना कर दें लेकिन कप्तान बाबर आजम और अब्दुल्ला शफीक ने सधी हुई बल्लेबाजी कर टीम को जीत तक पहुंचाया.
यह पाकिस्तान की 1977 के बाद क्वींस पार्क ओवल में पहली टेस्ट जीत भी रही. इतना ही नहीं इस जीत के साथ पाकिस्तान की टीम ने अपने लगातार 8 टेस्ट हार का सिलसिला भी खत्म किया. बाबर आजम की बतौर टेस्ट कप्तान विदेशी धरती पर 12 मुकाबलों में यह नौवीं जीत है.

