पश्चिम एशिया तनाव के चलते प्रभावित हो रही तेल सप्लाई के चलते लिया फैसला
Windfall Tax on Petrol (द भारत ख़बर), बिजनेस डेस्क : केंद्र सरकार ने एक तरफ जहां 15 मई से देशभर में पेट्रोल और डीजल की कीमत में तीन रुपए प्रति लीटर तक की वृद्धि कर दी वहीं एक बड़ा फैसला भी लिया। इस फैसले के अनुसार केंद्र सरकार ने देश से निर्यात होने वाले पेट्रोल पर अप्रत्याशित लाभ कर यानी विंडफॉल टैक्स लगा दिया है। सरकार का यह फैसला आज से लागू हो रही है। वहीं दूसरी तरफ, डीजल और विमानन टरबाइन ईंधन (एटीएफ) के निर्यात शुल्क में भारी कटौती करके कंपनियों को राहत दी है। यह कड़ा फैसला 16 मई से पूरे देश में लागू कर दिया गया है।
केंद्र सरकार ने यह आदेश जारी किए
वित्त मंत्रालय द्वारा जारी अधिसूचना के मुताबिक, अब पेट्रोल के निर्यात पर तीन रुपये प्रति लीटर का विंडफॉल टैक्स देना होगा। हालांकि, सरकार ने डीजल के निर्यात पर लगने वाले शुल्क को 23 रुपये से घटाकर 16.5 रुपये प्रति लीटर और एटीएफ (विमान ईंधन) पर 33 रुपये से घटाकर 16 रुपये प्रति लीटर कर दिया है। सरकार ने यह भी साफ किया है कि पेट्रोल और डीजल के निर्यात पर सड़क और बुनियादी ढांचा उपकर अब शून्य रहेगा।
पिछले कुछ समय से लगातार किए गए बदलाव
डीजल और एटीएफ पर लगने वाले निर्यात शुल्क में पिछले कुछ महीनों में कई बार समीक्षा और बदलाव किए गए हैं। 30 अप्रैल की समीक्षा में डीजल पर शुल्क 23 रुपये और एटीएफ पर 33 रुपये प्रति लीटर तय किया गया था, जिसे अब घटाया गया है। इससे पहले 26 मार्च को सरकार ने डीजल पर 21.50 रुपये और एटीएफ पर 29.5 रुपये का निर्यात शुल्क लगाया था। इसके बाद 11 अप्रैल को हुई समीक्षा में इस शुल्क को बढ़ाकर क्रमश: 55.5 रुपये और 42 रुपये प्रति लीटर कर दिया गया था।
इसलिए लगाया गया पेट्रोल पर टैक्स
पश्चिम एशिया में चल रहे गहरे संकट की शुरूआत के बाद यह पहली बार है जब पेट्रोल पर तीन रुपये प्रति लीटर का विशेष अतिरिक्त उत्पाद शुल्क लगाया गया है। इस कदम का मुख्य मकसद अमेरिका-इस्राइल और ईरान युद्ध के बीच घरेलू बाजार में तेल की कमी को रोकना है। दरअसल, युद्ध शुरू होने के बाद से ही दुनिया भर में कच्चे तेल की कीमतें बहुत तेजी से बढ़ी हैं।
ये भी पढ़ें : Business News Update : उच्चतम स्तर पर पहुंचा देश का व्यापार घाटा

