गुरुग्राम. द्वारका एक्सप्रेस वे और आसपास के सेक्टरों में रहने वाले लोगों के लिए एक अच्छी खबर सामने आई है. सार्वजनिक परिवहन को लेकर बड़ी राहत मिलने वाली है. IMT मानेसर से द्वारका एक्सप्रेसवे होते हुए सेक्टर-113 के बजघेड़ा तक सिटी बस सेवा शुरू कर दी गई है. इसे लेकर लंबे समय से मांग चल रही थी. नई बस सेवा शुरू होने से मानेसर और एक्सप्रेसवे के आसपास रहने वाले लोगों को दिल्ली की ओर आने-जाने में सुविधा होगी.
गुरुवार, 24 सितंबर को इस बात की जानकारी साझा की गई है. इस बस रूट को भविष्य में दिल्ली के द्वारका सेक्टर-21 मेट्रो स्टेशन तक बढ़ाए जाने की तैयारी है. अच्छी खबर ये है कि इसके लिए जुड़े परमिट को हासिल करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है. इस परमिट के मिलने बाद बस सेवा को द्वारका सेक्टर-21 तक बढ़ाए जाने का रास्ता साफ हो जाएगा. ऐसा होने के बाद जो भी लोग मेट्रो से यात्रा करते हैं उनको भी फायदा पहुंचेगा.
यूनाइटेड आरडब्ल्यूए फेडरेशन (यूआरएफ) के संस्थापक राकेश राणा बजघेड़ा ने इस बात की जानकारी दी. उन्होंने बताया द्वारका एक्सप्रेसवे के एरिया में सिटी बस सेवा शुरू कराने के लिए फेडरेशन पिछले करीब दो साल से लगातार काम कर रहा था. अब इसे शुरू करने से कई यात्रियों को बेहत राहत मिली है. इस क्षेत्र में बड़ी संख्या में नई हाउसिंग सोसायटियां को बसाया जा रहा है. इसकी वजह से सार्वजनिक परिवहन के सीमित विकल्पों के कारण लोगों को निजी वाहनों पर निर्भर रहना पड़ रहा था. नई बस सेवा के शुरू होने से उन लोगों को फायदा पहुंचेगा जो रोजाना नौकरी, पढ़ाई या अन्य कामों के लिए मानेसर, गुरुग्राम और दिल्ली के बीच यात्रा करते हैं. एक्सप्रेसवे के आसपास रहने वाले यात्रियों के लिए यह सेवा अंतिम छोर तक कनेक्टिविटी बेहतर करने में भी मददगार हो सकती है.
दिल्ली से नोएडा के बीच यात्रा करने वाले ज्यादातर मेट्रो का इस्तेमाल करते हैं. द्वारका सेक्टर-21 तक रूट बढ़ने पर यात्रियों को दिल्ली मेट्रो से कनेक्टिविटी मिलेगी. इससे मानेसर और द्वारका एक्सप्रेसवे क्षेत्र से दिल्ली के अलग-अलग जगहों पर रहने वालों को सार्वजनिक परिवहन से पहुंचना आसान होगा.
गुरुग्राम सिटी बस लिमिटेड (GMCBL) के अधिकारियों के अनुसार, नई बस सेवा आईएमटी मानेसर और बजघेड़ा के बीच संचालित होगी. करीब 24 किलोमीटर लंबे इस रूट पर बसें द्वारका एक्सप्रेसवे से होकर गुजरेंगी. बजघेड़ा, सेक्टर-113 और द्वारका एक्सप्रेसवे रूट पर दो सीएनजी बसें लगाई गई हैं. प्रत्येक बस में 50 यात्रियों के बैठने की क्षमता है. बस सेवा का किराया यात्रा की दूरी के अनुसार 10 रुपये से 30 रुपये के बीच रखा गया है. इससे द्वारका एक्सप्रेसवे क्षेत्र के लोगों को मानेसर, गुरुग्राम और आगे दिल्ली की ओर आने-जाने के लिए सार्वजनिक परिवहन का एक नया विकल्प मिलेगा.

