नई दिल्ली. आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप जीतने के तुरंत बाद भारतीय टीम को आयरलैंड के खिलाफ सीरीज में क्लीन स्वीप का सामना करना पड़ा. इसके बाद इंग्लैंड ने भी अपने घर पर 5 मैचों की सीरीज में 4-0 से धो डाला. टी20 के नए कप्तान श्रेयस अय्यर को सामने अब जिम्बाब्वे की चुनौती है. भारत और जिम्बाब्वे के बीच तीन मैचों की टी20 अंतरराष्ट्रीय सीरीज की शुरुआत 24 जुलाई से हरारे स्पोर्ट्स क्लब में होगी. पहले मुकाबले से पहले जिम्बाब्वे के कप्तान सिकंदर रजा ने बड़ा बयान दिया है. उन्होंने कहा कि यह सीरीज एकतरफा नहीं होगी.
भारतीय टीम मौजूदा वर्ल्ड चैंपियन है और हाल के सालों में टी20 क्रिकेट की मजबूत टीमों में शामिल रहा है. इसके बाद भी जिम्बाब्वे के कप्तान सिकंदर रजा जीत का भर रहे हैं. उनका मानना है कि मौजूदा परिस्थितियों में दोनों टीमों के बीच मुकाबला बेहद रोमांचक रहेगा. स्टार स्पोर्ट्स से बातचीत में सिकंदर रजा ने कहा,”दोनों देशों के पास इस सीरीज को जीतने का बराबर मौका है. जिम्बाब्वे पिछले कुछ समय से लगातार अच्छा और मनोरंजक क्रिकेट खेल रहा है. मुझे पूरा भरोसा है कि यह सीरीज बेहद रोमांचक होगी.”

भारत हाल ही में यूरोप दौरे पर निराशाजनक प्रदर्शन करके लौटा है. श्रेयस अय्यर की कप्तानी में टीम को आयरलैंड के खिलाफ टी20 सीरीज में 2-0 से हार का सामना करना पड़ा. इसके बाद इंग्लैंड के खिलाफ पांच मैचों की टी20 सीरीज में भारत 4-0 से हार गया. शुभमन गिल की कप्तानी में वनडे सीरीज भी भारत 2-1 से गंवा बैठा. ऐसे में भारतीय टीम जिम्बाब्वे दौरे पर जीत के साथ वापसी करना चाहेगी.

सिकंदर रजा ने कहा कि उनकी टीम ने पिछले एक साल में कई मजबूत टीमों को हराकर अपना आत्मविश्वास बढ़ाया है. इस साल टी20 विश्व कप में जिम्बाब्वे ने ऑस्ट्रेलिया को 23 रन से हराकर बड़ा उलटफेर किया था. इसके अलावा टीम श्रीलंका और बांग्लादेश के खिलाफ भी जीत दर्ज कर चुकी है. उनका मानना है कि इन नतीजों ने खिलाड़ियों का आत्मविश्वास बढ़ाया है और अब वे किसी भी टीम को चुनौती देने के लिए तैयार हैं.
पहला टी20: 24 जुलाई, हरारे
दूसरा टी20: 25 जुलाई, हरारे
तीसरा टी20: 26 जुलाई, हरारे

