Noel may challenge Chandrasekaran: टाटा ट्रस्ट्स के चेयरमैन नोएल टाटा, टाटा संस के चेयरमैन के तौर पर एन चंद्रशेखरन के पांच साल के कार्यकाल को बढ़ाए जाने के फैसले को चुनौती दे सकते हैं। रॉयटर्स की एक रिपोर्ट में यह जानकारी सामने आई है। टाटा संस के बोर्ड द्वारा गुरुवार को एन चंद्रशेखरन को अगले पांच साल के कार्यकाल के लिए चेयरमैन के तौर पर फिर से नियुक्त करने को मंजूरी देने के बाद यह घटनाक्रम सामने आया है।
एक्सटेंशन नहीं चाहते थे चंद्रशेखरन
यह फैसला ऐसे समय में लिया गया है जब 63 साल के चंद्रशेखरन ने कुछ हफ्ते पहले ही बोर्ड के सदस्यों को संकेत दिया था कि वह तीसरे कार्यकाल के लिए पद पर बने नहीं रहना चाहते। इससे पता चलता है कि ग्रुप की होल्डिंग कंपनी से जुड़े रेगुलेटरी घटनाक्रमों के बीच योजनाओं में बदलाव हुआ है।
नोएल का विरोध दरकिनार
खबरों के मुताबिक, नोएल टाटा ने चंद्रशेखरन का कार्यकाल बढ़ाने के खिलाफ वोट दिया। टाटा ट्रस्ट्स और उससे जुड़ी कंपनियों के पास टाटा संस की कुल हिस्सेदारी का लगभग 66% हिस्सा है। उनके विरोध के बावजूद, बोर्ड के बहुमत ने दोबारा नियुक्ति के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी।
लिस्टिंग का दबाव बढ़ा
चंद्रशेखरन का कार्यकाल बढ़ाने की मंजूरी भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) के पिछले हफ्ते के उस फैसले के बाद सामने आई है जिसमें उसने टाटा संस की नॉन-बैंकिंग फाइनेंशियल कंपनी (NBFC) के तौर पर अपना रजिस्ट्रेशन रद्द करने की अपील को ठुकरा दिया था। इस कदम से टाटा संस पर एक बार फिर स्टॉक मार्केट में लिस्टिंग के लिए दबाव बन सकता है, जिससे कंपनी एक साल से ज्यादा समय से बचने की कोशिश कर रही है।

