दोनों में उतार-चढ़ाव का दौर जारी, सोमवार को औंधे मुंह गिरे दोनों के दाम
Gold Price Update (द भारत ख़बर), बिजनेस डेस्क : अमेरिका और ईरान के बीच जारी टकराव और पश्चिम एशिया तनाव का सीधा असर वैश्विक व्यापार पर पड़ रहा है। इसके साथ ही पेट्रोलियम पदार्थों की किल्लत और सर्राफा बाजार में भी अनिश्चित्ता का माहौल है। सर्राफा बाजार में फिलहाल अनिश्चितता और रिस्क-आॅफ (जोखिम से बचने) का माहौल है। निवेशकों और ट्रेडर्स की नजरें अब कई अहम वैश्विक ट्रिगर्स पर टिकी हुई हैं।
जानकारों का कहना है कि इस हफ्ते बाजार के भागीदार अमेरिका के जॉब्स डेटा, फेडरल रिजर्व के अधिकारियों और अमेरिकी ट्रेजरी सचिव स्कॉट बेसेंट की टिप्पणियों पर करीब से नजर रखेंगे। इसके साथ ही, कीमती धातुओं की नई दिशा तय करने के लिए पश्चिम एशिया में होने वाले नए घटनाक्रमों पर भी बारीकी से नजर रखी जाएगी।
सप्ताह के पहले कारोबारी दिन ही गिरे दाम
अखिल भारतीय सर्राफा संघ के ताजा आंकड़ों के मुताबिक, सोमवार को राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में कीमती धातुओं के भाव धड़ाम हो गए। इस दौरान 99.9 प्रतिशत शुद्धता वाले सोने की कीमत 2,500 रुपये (1.53%) की भारी गिरावट के साथ 1,60,400 रुपये प्रति 10 ग्राम पर आ गई है। पिछले कारोबारी सत्र (शुक्रवार) में यह 1,62,900 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था। वहीं चांदी की कीमतों में भी जोरदार गिरावट देखी गई है। यह 5,000 रुपये (लगभग 2%) फिसलकर 2,69,700 रुपये प्रति किलोग्राम पर आ गई है। पिछले सत्र में इसका भाव 2,74,700 रुपये था।
इसलिए गिर रहे दोनों के दाम
बाजार विशेषज्ञों के अनुसार, इस भारी गिरावट के पीछे भू-राजनीतिक तनाव और मजबूत होता डॉलर मुख्य कारण हैं। सप्ताह की शुरूआत में सोने में कमजोरी दर्ज की गई, क्योंकि सप्ताहांत में अमेरिका और ईरान के बीच फिर से शुरू हुए तनाव ने कच्चे तेल की कीमतों को बढ़ा दिया है और डॉलर को मजबूती दी है। उन्होंने यह भी बताया कि ‘अमेरिकी ट्रेजरी बॉन्ड यील्ड’ में हुई बढ़ोतरी ने भी कीमती धातुओं पर भारी दबाव डाला है, जिससे सोना और चांदी जैसी संपत्तियों में निवेशकों की दिलचस्पी फिलहाल कम हो गई है।
ये भी पढ़ें : Business News Update : म्यूचुअल फंड निवेश की जानकारी एकत्र करेगा आरबीआई

