इस सप्ताह में कारोबार में दो दिन तेजी, दो दिन गिरावट, आज का दिन रहेगा अहम
Share Market Update (द भारत ख़बर), बिजनेस डेस्क : भारतीय शेयर बाजार के लिए मौजूदा सप्ताह मिले-जुले परिणाम लेकर गुजरा है। सोमवार से लेकर गुरुवार तक चार दिन के कारोबार के दौरान शेयर बाजार में दो दिन तेजी का रुख रहा जबकि दो दिन गिरावट रही। आज शुक्रवार को सप्ताह का अंतिम कारोबारी दिन है और यह शेयर बाजार के लिए महत्वपूर्ण साबित हो सकता है। क्योंकि बुधवार की बड़ी तेजी के बाद गुरुवार को एक बार फिर से शेयर बाजार में गिरावट से निवेशकों के उत्साह में कमी आई होगी।
इस तरह रहा शेयर बाजार का हाल
विदेशी निवेशकों की बिकवाली के दबाव के बीच घरेलू शेयर बाजार में गुरुवार को गिरावट के साथ बंद हुआ। पूरे कारोबारी सत्र में उतार-चढ़ाव के बाद प्रमुख बेंचमार्क सूचकांक लाल निशान पर बंद हुए। 30 शेयरों वाला बीएसई सेंसेक्स 114.00 (0.14%) अंकों की गिरावट के साथ 77,844.52 के स्तर पर बंद हुआ। 50 शेयरों वाला निफ्टी 4.30 (0.02%) अंक टूटकर 24,326.65 पर लगभग सपाट बंद हुआ। लगातार हो रही विदेशी फंड्स की निकासी और बढ़ती भू-राजनीतिक अनिश्चितताओं के कारण निवेशकों ने बेहद सतर्क रुख अपनाया, जिसका असर प्रमुख बेंचमार्क सूचकांकों पर पड़ा।
बाजार के प्रमुख शेयरों का हाल
गुरुवार को जिन शेयरों में गिरावट देखी गई उनमें हिंदुस्तान यूनिलीवर, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज, टेक महिंद्रा, टाइटन, सन फार्मा और आईटीसी जैसे बड़े शेयर प्रमुख रूप से नुकसान में रहे। वहीं दूसरी ओर, महिंद्रा एंड महिंद्रा, एनटीपीसी, कोटक महिंद्रा बैंक और टाटा स्टील के शेयरों में खरीदारी दिखी और ये बढ़त के साथ बंद हुए।
वैश्विक बाजार और कच्चे तेल का असर
वैश्विक मोर्चे पर, कच्चे तेल के बेंचमार्क में 2.23 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई और यह 99 डॉलर प्रति बैरल पर कारोबार कर रहा था। अगर एशियाई बाजारों की बात करें तो दक्षिण कोरिया का कोस्पी, जापान का निक्केई 225, शंघाई कंपोजिट और हांगकांग का हैंग सेंग बढ़त के साथ हरे निशान में बंद हुए, जबकि यूरोपीय बाजार गिरावट के साथ कारोबार कर रहे थे। अमेरिका के बाजार बुधवार को भारी उछाल के साथ बंद हुए थे।
ये भी पढ़ें : India GDP Growth Rate : भारत की 6.6% जीडीपी ग्रोथ सराहनीय : अमिताभ कांत

