एक हजार से ज्यादा अंकों की बढ़त के साथ खुला भारतीय शेयर बाजार, एशिया सहित सभी प्रमुख शेयर बाजारों में तेजी
Share Market Live (द भारत ख़बर), मुंबई : रविवार को अमेरिका और ईरान ने जंग खत्म करने और स्थाई शांति समझौते पर हस्ताक्षर करने का ऐलान किया। इसके बाद सोमवार को भारत सहित एशिया के सभी शेयर बाजारों में तेजी का रुख रहा। ज्ञात रहे कि पिछले करीब साढ़े तीन माह से ज्यादा समय से दोनों देशों के बीच जारी युद्ध से न केवल पश्चिम एशिया में हालात तनावपूर्ण बने हुए थे बल्कि पूरी दुनिया इस युद्ध के चलते परेशानी में थी। विशेषकर एशियाई देश जहां पर एलपीजी और पेट्रोल-डीजल की भारी किल्लत महसूस की जा रही थी।
भारत के अलावा एशिया के अन्य बाजारों में भी तेजी दिखी। जापान के निक्केई में 4 फीसदी से अधिक तेजी दिखी। भारतीय शेयर बाजार में बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (बीएसई) का निफ्टी 1080 अंकों की उछाल के साथ खुला। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का निफ्टी 330 अंकों की तेजी के साथ खुला। सेंसेक्स में सूचीबद्ध 30 कंपनियों में जिन कंपनियों के शेयर में अधिक तेजी दिखी उनमें इंडिगो, इटरनल, बाजाज फाइनांस और एशियन पेंट्स प्रमुख रहे। निफ्टी में जिन कंपनियों के शेयर हरे निशान पर रहे उनमें श्री राम फाइनांस, इंडिगो, ईटरनल, बाजाज फाइनांस और टाटा मोटर्स पैसेंजर व्हीकल (टीएमपीवी) शीर्ष पांच में शामिल रहे।
एशियाई बाजारों में भी तेजी जारी
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा अमेरिका-ईरान के बीच शांति समझौते का एलान करने के बाद ही एशियाई बाजार झूम उठे। जापान का निक्केई सूचकांक 4 प्रतिशत की वृद्धि के साथ इंट्राडे रिकॉर्ड ऊंचाई पर पहुंच गया। शांति समझौते के एलान और होर्मुज जलडमरूमध्य के खुलने की खबर से एशिया-प्रशांत क्षेत्र के शेयरों में उछाल आया। दक्षिण कोरिया के कोस्पी सूचकांक में भी 4.3 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई। आॅस्ट्रेलियाई शेयर बाजार में भी खुलने के साथ ही तेजी दर्ज की गई। एएसएक्स200 125 अंकों के साथ बढ़कर 8928 पर कारोबार कर रहा था। सूचकांक के 11 में से सात क्षेत्रों में तेजी देखी गई।
ये भी पढ़ें : US-Iran Agreement : अमेरिका-ईरान में शर्तों को लेकर विवाद

