नई दिल्ली. आज गुरुवार 24 सितंबर को पूरे देश के मौसम के हाल की बात करें तो लगभग हर राज्य में बारिश से लोग परेशान रहने वाले हैं. बंगाल की खाड़ी में बना डीप डिप्रेशन देश के कई राज्यों के मौसम को प्रभावित करने वाला है. भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के मुताबिक, यह सिस्टम उत्तर आंध्र प्रदेश और दक्षिण ओडिशा के तट की ओर बढ़ रहा है. इसका प्रभाव आंध्र प्रदेश, ओडिशा, तेलंगाना और छत्तीसगढ़ में कई जगहों पर देखने को मिलने वाला है.
आंध्र प्रदेश में 24 सितंबर को झमाझम बारिश के साथ तेज हवाएं चलने की संभावना है. राज्य के कई शहरों में भारी बारिश हो सकती है. बारिश का ये दौर अगले दिन भी जारी रहने का पूर्वानुमान है. तटीय इलाकों में समुद्र के अशांत से बहुत अशांत रहने और तेज हवाएं चलने की चेतावनी भी दी गई है.
ओडिशा का भी हाल आंध्रा जैसा ही बताया जा रहा है. यहां भी गुरुवार, 24 सितंबर को कुछ स्थानों पर अत्यधिक भारी बारिश की संभावना है. दक्षिण ओडिशा में समुद्र की स्थिति बेहद खराब हो सकती है. भुवनेश्वर और कटक में 22 सितंबर की शाम तक पिछले 24 घंटे में 27 सेंटीमीटर बारिश दर्ज की गई थी.
तेलंगाना में 24 सितंबर को बेहद भारी बारिश की चेतावनी दी गई है. राज्य के कई शहारों में गरज, बिजली और तेज हवाएं चल सकती हैं. अगले दो दिन 25 और 26 सितंबर को भी मौसम खराब रहने का अनुमान है. भारी बारिश के कारण कुछ क्षेत्रों में फ्लैश फ्लड का खतरा भी बताया गया है.
पिछले कुछ दिनों से लगातार बारिश की मार झेल रहे पश्चिम बंगाल में आज भी जमकर बरसात होने की उम्मीद है. कई शहरों में गरज-चमक का दौर जारी रहने की संभावना है. हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में भी 24 सितंबर को भारी बारिश तथा 25 सितंबर को बहुत भारी बारिश का अनुमान है.
पड़ोसी राज्य बिहार और झारखंड में मानसून अपना असर दिखाएगा. सिस्टम के आगे बढ़ने के साथ बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं. राजधानी पटना, भागलपुर, कटिहार, मुजफ्फरपुर, हाजीपुर, दरभंगा में मौसम विभाग ने जमकर बादल के बरसने की संभावना जताई है.
दिल्ली, हरियाणा और चंडीगढ़ में 24 और 25 सितंबर को भारी बारिश की चेजावनी जारी की गई है. इस दौरान कई इलाकों में गरज के साथ भारी बारिश की चेतावनी है. दिल्ली-NCR में फिलहाल मौसम दिन भर लोगों को परेशान करने वाला है.

