- हरियाणा, पंजाब में 24 अप्रैल तक हीटवेव का येलो अलर्ट
Weather Updates, नई दिल्ली: उत्तर भारत समेत देश के कई हिस्सों में मध्य अप्रैल से ही गर्मी तेवर दिखाने लगी है। भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) ने अगले 4-5 दिन तक उत्तर-पश्चिम, मध्य और पूर्वी भारत के कुछ इलाकों में तेज लू यानी हीटवेव चलने को लेकर चेतावनी जारी की है। अधिकारियों ने दिल्ली, हरियाणा, पंजाब और चंडीगढ़ में 24 अप्रैल तक हीटवेव को लेकर येलो अलर्ट जारी है। हरियाणा का अधिकतम तापमान 40 डिग्री को पार कर गया है।
नारनौल : गर्म रातों की स्थिति बने रहने का अनुमान
नारनौल और रोहतक जैसे इलाकों में ‘वार्म नाइट’ यानी गर्म रातों की स्थिति बने रहने का अनुमान है। 26 अप्रैल से एक पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो सकता है, जिससे मौसम के फिर करवट लेने की उम्मीद है। पंजाब और चंडीगढ़ में भी कुछ स्थानों पर रातें भी गर्म रहेंगी। पंजाब के 4 जिलों, फतेहगढ़ साहिब, पटियाला, लुधियाना और संगरूर में हीटवेव व गर्मी को लेकर शुक्रवार तक येलो अलर्ट जारी है, जिसे देखते हुए प्रदेश के अस्पतालों में स्पेशल वार्ड बनाकर 24 घंटे स्टाफ तैनात किया गया है। चंडीगढ़ और आसपास के इलाकों में भी लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। उधर पूरे हिमाचल प्रदेश में 24 अप्रैल तक मौसम साफ रहेगा। इस दौरान तेज धूप रहेगी और तापमान में 3 से 4 डिग्री तक बढ़ोतरी होगी।
उत्तर-पश्चिम भारत में अधिकतम तापमान बढ़ सकता है
आईएमडी अधिकारियों का कहना है कि इस सप्ताह शुक्रवार तक उत्तर-पश्चिम भारत में अधिकतम तापमान 4 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ सकता है। उन्होंने कहा है कि देश की राजधानी दिल्ली से लेकर पंजाब व छत्तीसगढ़ तक कई राज्यों में गर्म हवाओं के थपेड़े की स्थिति बन सकती है। रात का तापमान भी सामान्य से ज्यादा बना रहेगा। दिल्ली में अधिकतम तापमान के 43 डिग्री से अधिक पहुंचने का अनुमान है। बुधवार को राजधानी में अधिकतम तापमान 44 डिग्री तक पहुंच सकता है। 25 अप्रैल के बाद तापमान में थोड़ी गिरावट की उम्मीद है।
लू के खतरे से सावधानी बरतने की सलाह
मौसम विभाग ने लू के खतरे को लेकर विशेषतौर पर बुजुर्गों, बच्चों व रोगियों को ज्यादा सावधानी बरतने की सलाह दी है। अधिकारियों ने कहा है कि दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे के बीच धूप में घार से बाहर न निकलें। इसके अलावा लोगों को ढीले और हल्के कपड़े पहनने की सलाह दी गई है। गर्मी को मात देने के लिए पर्याप्त पानी पिएं. नारियल पानी, लस्सी व नींबू पानी काफी फायदेमंद है।
ये भी पढ़ें : Weather Updates: हिमाचल, उत्तराखंड और जम्मू-कश्मीर में भारी बारिश व बर्फबारी, मैदानों में आंधी-तूफान

