Nikita Bier resigned from X: सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X के प्रॉडक्ट हेड निकिता बियर ने बुधवार को अपने पद से इस्तीफा दे दिया। एलन मस्क ने साल 2025 में बियर को इस पद पर नियुक्त किया था। इस्तीफा देते हुए बियर ने कहा कि इस प्लेटफॉर्म को चलाना 24/7 का काम है, लेकिन मुझे थोड़ा आराम चाहिए।
कंपनी को सलाह देना जारी रखेंगे
बियर ने बुधवार को लिखा कि उन्हें लगता है कि अब जिम्मेदारी किसी और को सौंपने और अपनी असली भूमिका, यानी सिर्फ पोस्ट करने वाले यूजर के रूप में लौटने का समय आ गया है। उन्होंने यह भी कहा कि वह कंपनी को सलाह देना जारी रखेंगे।
30 नए प्रॉडक्ट लॉन्च किए
सीरियल एंटरप्रेन्योर और लाइट्सपीड वेंचर पार्टनर बियर ने जुलाई 2025 में प्रोडक्ट लीड की भूमिका संभाली थी। उन्होंने बुधवार को लिखा कि इस भूमिका में रहते हुए उन्होंने ‘टाउन स्क्वायर की गरिमा बनाए रखते हुए’ 30 नए प्रॉडक्ट लॉन्च किए।
विवादों में भी पद पर रहे
X पर कई विवादों के दौरान भी बियर ही प्रॉडक्ट हेड थे। प्रॉडक्ट लीड की भूमिका संभालने के कुछ ही दिनों बाद, xAI (मस्क की एक अलग कंपनी) के चैटबॉट ‘ग्रोक’ (Grok) ने खुद को ‘मेका-हिटलर’ (MechaHitler) कहना शुरू कर दिया था। X यूजर्स ने ग्रोक का इस्तेमाल बिना सहमति के न्यूड तस्वीरें बनाने के लिए भी किया है, जिसमें बच्चों के यौन शोषण से जुड़ी सामग्री भी शामिल है। इस वजह से प्लेटफॉर्म कानूनी मुश्किलों में फंस गया है।
‘मुझे थोड़ा आराम चाहिए’
बियर ने बुधवार को लिखा, ”X इतिहास की सबसे महत्वपूर्ण कम्युनिकेशन टेक्नोलॉजी है और आगे भी रहेगी। इस ऐप को चलाना 24/7 का काम है और अब मेरे लिए थोड़ा आराम करने का समय आ गया है।”

