नई दिल्ली. पाकिस्तान क्रिकेट टीम का हाल इस समय बेहाल है जबकि घरेलू क्रिकेट में खिलाड़ी नए कारनामे कर रहे हैं. युवा बल्लेबाज शाहजाद ने एक ऐसा कारनामा कर दिखाया जिसने तमाम पूर्व क्रिकेटर को पीछे छोड़ दिया. पाकिस्तान की तरफ से फर्स्टक्लास क्रिकेट में उन्होंने सबसे तेज शतक का रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया. इस मामले में उन्होंने पूर्व कप्तान मिस्बाह उल हक को पीछे छोड़ा.
शाहजाद ने घरेलू क्रिकेट में तूफानी बल्लेबाजी करते हुए 49 गेंद पर शतक जड़ दिया. उन्होंने 114 रन की पारी खेली जिसमें 12 चौके और 8 छक्के शामिल रहे. इस विस्फोटक पारी को उन्होंने मैच के पहले दिन खेला. 22 साल के बैटर ने पांचवें नंबर पर बल्लेबाजी करते हुए तूफानी पारी खेल नया रिकॉर्ड बना डाला. शाहजाद यह पारी इसलिए भी खास रही क्योंकि उन्होंने टीम के लिए मुश्किल में ये रन बनाए. जब उन्होंने मैदान पर कदम रखा तो पाकिस्तान टेलीविजन की टीम ने 34 रन पर अपने तीन विकेट गंवा दिए थे. इसके बाद उन्होंने मोहम्मद ताहा के साथ मिलकर 143 रनों की बेशकीमती साझेदारी निभाई. ताहा ने 72 गेंद पर 43 रन बनाए. शाहजाद की पारी का अंत जिया-उल-हक ने किया.
पाकिस्तान की टीम में जगह बनाने की दावेदारी पेश करने वाले शाहजाद की इस पारी के बाद मिस्बाह-उल-हक की चर्चा शुरू हो गई. उन्होंने 2014 में अबू धाबी में माइकल क्लार्क की कप्तानी वाली ऑस्ट्रेलियाई टीम के खिलाफ टेस्ट सीरीज के दूसरे मुकाबले में 56 गेंद पर शतक लगाया था. उन्होंने वेस्टइंडीज के महान बल्लेबाज विव रिचर्ड्स के सबसे तेज टेस्ट शतक के रिकॉर्ड की बराबरी की थी. न्यूजीलैंड के पूर्व कप्तान ब्रेंडन मैकुलम ने 2016 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ दूसरे टेस्ट में 54 गेंद पर शतक लगाकर यह रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया था.
शाहजाद पाकिस्तान की तरफ से अंडर-16 और अंडर-19 क्रिकेट में खेल चुके हैं. उन्होंने दक्षिण अफ्रीका में खेले गए अंडर-19 विश्व कप में भी पाकिस्तान का प्रतिनिधित्व किया था. टूर्नामेंट में उन्हें केवल दो मैच खेलने का मौका मिला और उन्होंने 27 रन बनाए. शाहजाद पाकिस्तान सुपर लीग में मल्तान सुल्तांस और इस्लामाबाद यूनाइटेड की टीमों का हिस्सा रह चुके हैं. उन्होंने 2025 में इस्लामाबाद यूनाइटेड के लिए पाकिस्तान सुपर लीग (PSL) में डेब्यू किया था.

