सर्राफा बाजार में दोंनों कीमती धातुओं के दाम में उतार-चढ़ाव जारी
Gold Price Update (द भारत ख़बर), बिजनेस डेस्क : पश्चिम एशिया में जारी तनाव और रुपए की कीमत में डॉलर के मुकाबले जारी गिरावट के बीच भारतीय सर्राफा बाजार में दोनों कीमती धातुओं के दाम में अस्थिरता लगातार बनी हुई है। सोना और चांदी के दाम एक दिन ऊपर जाते हैं तो दूसरे ही दिन यह गिरावट के साथ बंद होते हैं। यही कारण है कि मंगलवार जहां दोनों कीमती धातुओं के दाम में तेजी दर्ज की गई थी तो वहीं बुधवार को दोनों के दामों में अच्छी-खासी गिरावट दर्ज की गई।
घरेलू बाजार में सोने की कीमतों में गिरावट का मुख्य कारण व्यापारियों द्वारा मुनाफावसूली करना रहा। इसके साथ ही, भौतिक मांग में भी कमी देखी गई, जिससे कीमतों पर दबाव पड़ा। अखिल भारतीय सरार्फा एसोसिएशन के अनुसार, बाजार में मंदी की घरेलू धारणा ने भी कीमतों को नीचे लाने में भूमिका निभाई। चांदी की कीमतों में भी इसी तरह की मुनाफावसूली और कमजोर मांग का असर देखा गया।
इस तरह रहे दिल्ली सर्राफा बाजार में दोनों के दाम
राष्ट्रीय राजधानी में बुधवार को चांदी की कीमतों में 6,000 रुपए प्रति किलोग्राम की भारी गिरावट दर्ज की गई, जबकि सोना भी 1,000 रुपए प्रति 10 ग्राम सस्ता हो गया। अखिल भारतीय सर्राफा एसोसिएशन के अनुसार, यह गिरावट मुनाफावसूली और कमजोर घरेलू धारणा के कारण हुई है। सफेद धातु चांदी 2.28 फीसदी की गिरावट के साथ 2,56,500 रुपए प्रति किलोग्राम पर आ गई। मंगलवार को यह 2,62,500 रुपए प्रति किलोग्राम पर बंद हुई थी।
इसी तरह, 99.9 फीसदी शुद्धता वाला सोना 0.62 फीसदी गिरकर 1,60,300 रुपए प्रति 10 ग्राम हो गया। मंगलवार को यह 1,61,300 रुपए प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था। जानकारों का कहना है कि व्यापारियों द्वारा मुनाफावसूली और भौतिक मांग में कमी के कारण सोने की कीमतों में गिरावट आई। अंतरराष्ट्रीय बाजार में, हाजिर चांदी 0.79 फीसदी बढ़कर 79.92 अमेरिकी डॉलर प्रति औंस पर कारोबार कर रही थी। वहीं, सोना 0.32 फीसदी गिरकर 4,989.65 अमेरिकी डॉलर प्रति औंस पर आ गया।

