अमेरिका-ईरान तनाव कम होने की उम्मीद से आई मजबूती, दिन का कारोबार समाप्त होने के समय यह 94.62 (अस्थाई) पर हुआ बंद
Indian Rupee (द भारत ख़बर), बिजनेस डेस्क : अमेरिका और ईरान के बीच चल रहे तनाव के कम होने की उम्मीद बुधवार को उस समय जगी जब अमेरिका की तरफ से बयान आया कि युद्ध व तनाव जल्द खत्म हो सकता है। अमेरिका द्वारा ऐसा बयान सामने आते ही वैश्विक स्तर पर इसका काफी ज्यादा असर देखने को मिला। यह बयान सामने आते ही कच्चे तेल की कीमतों में भारी गिरावट दर्ज की गई, जो भारत जैसे तेल आयातक देश के लिए एक बेहद सकारात्मक संकेत है।
कच्चे तेल की कीमत में गिरावट आते ही डॉलर के मुकाबले भारतीय रुपया मजबूत होना शुरू हो गया। यह दिन का कारोबार खत्म होने के समय 56 पैसे बढ़कर 94.62 (अस्थायी) पर बंद हुआ। वैश्विक मोर्चे पर अमेरिका की ओर से ईरान संकट पर नरम रुख जाहिर करने के बाद निवेशकों के बीच सकारात्मक माहौल दिखा। ब्रेंट क्रूड 8.88 डॉलर (8.08 प्रतिशत) की भारी गिरावट के साथ 101.01 डॉलर पर आ गया। वहीं, क्रूड आॅयल 9.69 डॉलर (9 प्रतिशत) टूटकर 92.59 डॉलर पर सेटल हुआ।
सोने और चांदी के दाम भी उछले
अमेरिका और ईरान के बीच तनाव कम होने से सोने में मजबूत रैली देखी गई, जिसने कीमती धातुओं पर दबाव डालने वाले वृहद कारकों को पूरी तरह से पलट दिया है। बाजार ने अमेरिका-ईरान के बीच एक पेज के समझौता ढांचे की ओर बढ़ने की खबर पर सकारात्मक प्रतिक्रिया दी है।
इसके चलते बुधवार को राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में सोने की कीमतों में 2,900 रुपये की भारी तेजी दर्ज की गई है। इस मजबूत उछाल के साथ 1,55,400 रुपये प्रति 10 ग्राम (सभी करों सहित) पर पहुंच गई है। मंगलवार को पिछले सत्र में यह 1,52,500 रुपये के स्तर पर बंद हुआ था। वहीं, चांदी की कीमतों में भी लगातार तीसरे दिन शानदार तेजी जारी रही। चांदी 3,500 रुपये (1.4 प्रतिशत) चढ़कर 2,54,500 रुपये प्रति किलोग्राम पर पहुंच गई, जबकि पिछले कारोबारी सत्र में यह 2,51,000 रुपये पर थी।
भारतीय शेयर बाजार में तेजी
घरेलू शेयर बाजार में बुधवार के दिन हरे निशान पर कारोबार का समापन हुआ। दिन के सत्र के बाद सेंसेक्स 940.73 अंक बढ़कर 77,958.52 पर बंद हुआ। निफ्टी 298.15 अंक बढ़कर 24,330.95 पर पहुंच गया। वैश्विक मोर्चे पर अमेरिका की ओर से ईरान संकट पर नरम रुख जाहिर करने के बाद निवेशकों के बीच सकारात्मक माहौल दिखा।
ये भी पढ़ें : Share Market Update : भारतीय शेयर बाजार में जबरदस्त उछाल

