India Weather Forecast Today: देश के कई हिस्सों में दक्षिण-पश्चिम मानसून सक्रिय बना हुआ है। भारत मौसम विज्ञान विभाग के मुताबिक शनिवार को उत्तर भारत के कुछ हिस्सों में बारिश का दौर जारी रह सकता है। दिल्ली-NCR में आसमान बादलों से घिरा रहेगा। राजधानी के कई इलाकों में हल्की बारिश होने की संभावना है। पंजाब और हरियाणा के कई जिलों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। हिमाचल प्रदेश में भी बारिश का दौर अभी जारी रहने की संभावना है। इसके अलावा भी भारत के कई राज्यों में भी बारिश की गतिविधियां बनी रहेंगी।
दिल्ली-NCR में आज कैसा रहेगा मौसम?
दिल्ली-NCR में शनिवार को मानसून की सक्रियता के चलते मौसम सुहावना और बादलों से घिरा रहने की उम्मीद है। IMD के ताजा अपडेट के अनुसार दिल्ली में आज अधिकतम तापमान 30 से 32 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 22 से 24 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है। सामान्य गर्मी की तुलना में दिन का तापमान अपेक्षाकृत कम रहेगा और बारिश के कारण मौसम में ठंडक महसूस हो सकती है। सुबह से दोपहर तक दिल्ली के कई हिस्सों में बहुत हल्की से हल्की बारिश होने की संभावना है, जबकि कुछ स्थानों पर बारिश की तीव्रता थोड़ी अधिक रह सकती है। इसके बाद शाम और रात के समय भी कई इलाकों में एक बार फिर बहुत हल्की से हल्की बारिश का दौर देखने को मिल सकता है।
हरियाणा के कई जिलों में भारी बारिश
हरियाणा में भी मानसून सक्रिय बना हुआ है। शनिवार को हरियाणा के गुरुग्राम, फरीदाबाद, नूंह, पलवल, रेवाड़ी, झज्जर, रोहतक, सोनीपत और पानीपत जैसे दक्षिणी और मध्य जिलों में अच्छी बारिश देखने को मिल सकती हैं। वहीं करनाल, कुरुक्षेत्र, कैथल, अंबाला, पंचकूला और यमुनानगर जैसे उत्तरी जिलों में भी हल्की बौछारें पड़ सकती हैं। इसके अलावा हिसार, भिवानी, चरखी दादरी, फतेहाबाद, जींद, सिरसा और महेंद्रगढ़ में भी बारिश होने की संभावना है।
पंजाब में आज कैसा रहेगा मौसम?
पंजाब में भी मानसूनी गतिविधियां जारी हैं। IMD के अनुसार पंजाब में आज कुछ स्थानों पर बारिश या गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना बनी रह सकती है। पठानकोट, गुरदासपुर, अमृतसर, तरनतारन, कपूरथला, जालंधर और होशियारपुर जैसे उत्तरी एवं दोआबा क्षेत्रों में मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है। इसी तरह लुधियाना, मोगा, बरनाला, संगरूर, पटियाला, फतेहगढ़ साहिब, मोहाली, रोपड़ और नवांशहर समेत राज्य के अन्य हिस्सों में भी बारिश हो सकती है। राज्य के लिए बारिश के लिए कोई विशेष चेतावनी जारी नहीं की गई है।
हिमाचल में भारी बारिश का अलर्ट
दिल्ली, हरियाणा और पंजाब की तुलना में हिमाचल प्रदेश में मौसम ज्यादा सक्रिय रहने वाला है। IMD की 8 अगस्त की चेतावनी में हिमाचल प्रदेश के लिए भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। हिमाचल के कांगड़ा, चंबा, मंडी, कुल्लू, शिमला, सोलन, सिरमौर, ऊना और हमीरपुर जैसे जिलों में बारिश का असर ज्यादा देखने को मिल सकता है। वहीं बिलासपुर, किन्नौर और लाहौल-स्पीति के पहाड़ी इलाकों में भी मौसम बदलने की संभावना बनी रहेगी। IMD के पूर्वानुमान के मुताबिक हिमाचल में बारिश का दौर केवल 8 अगस्त तक सीमित नहीं रहने वाला है। आने वाले दिनों में भी राज्य में व्यापक बारिश जारी रहने की संभावना है और 10-11 अगस्त को कुछ स्थानों पर बहुत भारी बारिश की संभावना जताई गई है। पहाड़ी इलाकों में भारी बारिश के दौरान भूस्खलन, अचानक जलभराव, नदियों-नालों में जलस्तर बढ़ने और सड़क यातायात प्रभावित होने का खतरा बढ़ सकता है। इसलिए लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
देश के बाकी हिस्सों में कैसा रहेगा मौसम?
देश के कई अन्य हिस्सों में भी मानसून सक्रिय है। IMD ने पूर्वी उत्तर प्रदेश, राजस्थान, मध्य प्रदेश, ओडिशा, पश्चिम बंगाल, पूर्वोत्तर भारत, गोवा और दक्षिण भारत के कई हिस्सों में बारिश की गतिविधियों का पूर्वानुमान दिया है। हिमाचल प्रदेश के साथ-साथ ओडिशा, पश्चिम बंगाल-सिक्किम और पूर्वोत्तर के कुछ हिस्सों में भारी बारिश की संभावना बनी हुई है। दक्षिण भारत में भी तटीय कर्नाटक, केरल और आसपास के क्षेत्रों में बारिश जारी रहने का अनुमान है।

