नई दिल्ली. इंडियन प्रीमियर लीग की फ्रेंचाईजी चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के फैंस को सोमवार, 21 सितंबर तो बहुत बड़ी खबर मिली. यलो आर्मी को आखिरकार लंबे इंतजार के बाद अपनी टीम का नया हेड कोच मिल गया. जहीर खान जिनका नाम चर्चा में भी नहीं था उनको टीम मैनेजमेंट ने इस बड़ी जिम्मेदारी के लिए चुना. अब सवाल यह उठ रहा है कि पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी की टीम के साथ भूमिका क्या होगी. वो अगले सीजन में बतौर खिलाड़ी उतरेंगे या फिर चुपचाप संन्यास लेकर मेंटोर की भूमिका में नजर आएंगे. इन सभी सवालों पर भी सीएसके की तरफ से पूर्ण विराम लगा दिया गया है.
चेन्नई ने पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी के भविष्य को लेकर स्थिति साफ कर दी है. फ्रेंचाइजी के मैनेजिंग डायरेक्टर काशी विश्वनाथन ने पुष्टि की है कि धोनी फिलहाल खिलाड़ी के तौर पर टीम के साथ जुड़े रहेंगे. यह बयान पूर्व भारतीय तेज गेंदबाज जहीर खान को टीम का नया हेड कोच नियुक्त किए जाने के बाद सामने आया है. स्टीफन फ्लेमिंग के मुख्य कोच के पद से हटने के बाद से ही धोनी को उनकी जगह CSK का हेड कोच बनाए जाने की खबरें सामने आने लगी थी. खबरें ऐसी भी सामने आई थी कि धोनी आधिकारिक तौर पर मेंटर की भूमिका संभाल सकते हैं. इनस सभी अफवाहों पर विश्वनाथन ने फिलहाल विराम लगाते हुए कहा, “वह एक खिलाड़ी के रूप में उपलब्ध हैं.”
इंडियन प्रीमियर लीग में इस साल धोनी एक भी मैच नहीं खेलने उतरे. उनके चोटिल होकर बाहर होने की खबर सीजन शुरू होने से पहले ही आ गई थी. फिर फिटनेस हासिल करने की खबरें सामने आई. कुछ मुकाबलों से पहले उनके नेट प्रैक्टिस का वीडियो भी सामने आया. यह सबकुछ चलता रहा लेकिन उनको फैंस मैदान पर इस सीजन खेलते हुए नहीं देख पाए. धोनी के आधिकारिक तौर पर कोचिंग भूमिका से दूर रहने का मतलब यह नहीं है कि टीम के फैसलों में उनका प्रभाव कम हो जाएगा. CSK में धोनी का अनुभव और नेतृत्व लंबे समय से अहम रहा है। जहीर खान की नियुक्ति को लेकर भी धोनी की राय महत्वपूर्ण मानी जा रही है.

