DU Students Harassment Case News: दिल्ली के मुखर्जी नगर इलाके में हिंदू कॉलेज की दो छात्राओं से बदसलूकी और गाली-गलौज की गई। आरोपी युवकों ने आपत्तिजनक टिप्पणियां भी कीं। इस मामले में अब पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल हुई सफेद टाटा सफारी को भी जब्त कर लिया है। घटना बुधवार रात करीब 9:30 बजे हकीकत पार्क के पास हुई थी। पुलिस के मुताबिक दोनों छात्राएं पैदल जा रही थीं, तभी एक SUV में सवार युवकों ने उनके साथ अभद्र व्यवहार किया। शिकायत के आधार पर मुखर्जी नगर थाने में FIR दर्ज कर जांच शुरू की गई।
क्या है पूरा मामला?
शिकायत के अनुसार दोनों छात्राएं मुखर्जी नगर इलाके में पैदल जा रही थीं। इसी दौरान सफेद रंग की कार में सवार युवकों ने उन पर आपत्तिजनक टिप्पणियां कीं। छात्राओं ने जब इसका विरोध किया तो युवकों ने गाली-गलौज की और कुछ दूरी तक उनका पीछा किया। छात्रा ने सोशल मीडिया पर शेयर किए गए अपने वीडियो में यह भी आरोप लगाया कि जब दोनों ने घटना को रिकॉर्ड करने की कोशिश की तो कार में सवार लोगों ने उन्हें वाहन के अंदर खींचने की कोशिश की।
पुलिस ने कार जब्त की
दिल्ली पुलिस के अनुसार शिकायत मिलने के बाद जांच शुरू की गई और घटना में इस्तेमाल हुई SUV को ट्रेस किया गया। पुलिस ने वाहन के ड्राइवर की पहचान नमन के रूप में की थी और उसके साथ दो से तीन अन्य लोगों के मौजूद होने की बात कही थी। इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने कार को भी जब्त कर लिया है। जब्त वाहन पर करीब 44,000 रुपये के ट्रैफिक चालान लंबित थे, जिनमें ज्यादातर ओवरस्पीडिंग से जुड़े थे। मुखर्जी नगर थाने में दर्ज FIR के बाद आरोपियों को अरेस्ट किया गया। पुलिस ने बताया कि मामले में आगे की जांच जारी है।
पुलिस पर देरी का आरोप
घटना के बाद छात्रा ने सोशल मीडिया पर अपनी आपबीती शेयर करते हुए आरोप लगाया कि वह और उसकी दोस्त शिकायत दर्ज कराने के लिए कई पुलिस थानों गईं, लेकिन उन्हें क्षेत्राधिकार का हवाला देकर दूसरे थाने जाने को कहा गया। पुलिस ने इस आरोप का भी संज्ञान लिया है। DCP नॉर्थ वेस्ट आकांक्षा यादव के मुताबिक पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि छात्राओं को किन परिस्थितियों में अलग-अलग थानों में जाना पड़ा और शिकायत दर्ज होने में देरी क्यों हुई।
एक आरोपी DU का छात्र
पुलिस ने शुरुआती जांच में बताया था कि वाहन चलाने वाला व्यक्ति दिल्ली विश्वविद्यालय का छात्र है। छात्रा ने भी अपने वीडियो में आरोपी के लॉ फैकल्टी से जुड़े होने का दावा किया था। हालांकि इस संबंध में पुलिस की जांच जारी है और आरोपों की अंतिम पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही होगी। फिलहाल दो आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद पुलिस घटना के पूरे क्रम, वाहन में मौजूद अन्य लोगों की भूमिका और छात्राओं द्वारा लगाए गए आरोपों की जांच कर रही है।

