नई दिल्ली. भारत के लिए एक खिलाड़ी के तौर पर पीटी ऊषा ने बड़ी कामयाबी हासिल की. बतौर भारतीय ओलंपिक संघ (IOA) अध्यक्ष उनका कार्यकाल विवादों में रहा. उनके लगातार दूसरी बार इस पद पर बने रहने की उम्मीदों को झटका लगा है. पीटी उषा सोमवार को स्पोर्ट्सपर्सन ऑफ आउटस्टैंडिंग मेरिट (SOM) के चुनाव में हार गईं.
पीटी ऊषा की इस हार से भारतीय ओलंपिक संघ की अध्यक्ष के रूप में दूसरे कार्यकाल के लिए उनकी दावेदारी को भी बड़ा झटका लगा है. पीटी उषा पहले IOA की कार्यकारी समिति में SOM के रूप में शामिल हुई थीं. इसके बाद 2022 में उन्हें अध्यक्ष चुना गया था. इस हार के साथ ही पीटी उषा ने IOA की कार्यकारी समिति में अपना स्थान भी गंवा दिया है. भारतीय ओलंपिक संघ के अध्यक्ष पद समेत अन्य पदों के लिए चुनाव 5 दिसंबर को होने हैं.
सोमवार को हुए SOM चुनाव में कई पूर्व भारतीय दिग्गजों को जीत मिली. पूर्व लंबी कूद चैंपियन अंजू बॉबी जॉर्ज, पूर्व हॉकी कप्तान रानी रामपाल, पूर्व तीरंदाज डोला बनर्जी और बैडमिंटन स्टार साइना नेहवाल ने जीत दर्ज की. ऑनलाइन माध्यम से हुए इस चुनाव के नतीजों की घोषणा रिटर्निंग ऑफिसर संजय कुमार श्रीवास्तव ने की. पीटी उषा के अलावा पूर्व बास्केटबॉल खिलाड़ी अनीता पॉलदुरई भी चुनाव मैदान में थीं.
उषा इस चुनाव में पांचवें स्थान पर रहीं. इस नतीजे के बाद IOA के शीर्ष पद पर उनकी वापसी की राह काफी मुश्किल हो गई है.अगर पीटी उषा फिर भी अध्यक्ष पद का चुनाव लड़ना चाहती हैं, तो उन्हें किसी राष्ट्रीय खेल महासंघ (NSF) के जरिए IOA की आम सभा के लिए नामित होना होगा. इसके लिए उन्हें IOA के संविधान में तय पात्रता मानदंडों को पूरा करना भी जरूरी होगा.
स्प्रिंट की दिग्गज खिलाड़ी पीटी उषा 2022 में चुने गए चार SOM में शामिल थीं. इसके बाद वह भारतीय ओलंपिक संघ की पहली महिला अध्यक्ष बनी थीं. SOM के रूप में चुने गए खिलाड़ी IOA की आम सभा के सदस्य बनते हैं और अध्यक्ष पद के चुनाव में भी हिस्सा ले सकते हैं. सोमवार को हुए चुनाव में कुल 80 SOM सदस्यों ने मतदान किया. अंजू बॉबी जॉर्ज सबसे ज्यादा वोट हासिल कर पहले स्थान पर रहीं.
| खिलाड़ी | मिले वोट |
|---|---|
| अंजू बॉबी जॉर्ज | 53 |
| रानी रामपाल | 50 |
| डोला बनर्जी | 45 |
| साइना नेहवाल | 43 |
| पीटी उषा | 40 |
पुरुष वर्ग की बात करें तो चार SOM पदों पर पूर्व निशानेबाज गगन नारंग, टेबल टेनिस के पूर्व खिलाड़ी कमलेश मेहता, पूर्व पहलवान योगेश्वर दत्त और पूर्व मुक्केबाज विजेंदर सिंह निर्विरोध चुने गए. इन पदों के लिए आठ अन्य उम्मीदवारों ने अपनी दावेदारी वापस ले ली थी. इनमें भारतीय एथलेटिक्स महासंघ (AFI) के पूर्व अध्यक्ष और मौजूदा वर्ल्ड एथलेटिक्स के उपाध्यक्ष एडिले सुमरिवाला भी शामिल थे.

