आज से लागू हुई नई कीमतें, दिल्ली में अब 19 किलो गैस सिलेंडर की कीमत 3071.50 रुपए हुई
LPG Price Hike (द भारत ख़बर), नई दिल्ली : अमेरिका और ईरान के बीच चल रहे विवाद के कारण देश में गैस और कच्चे तेल की आपूर्ति लगातार प्रभावित हो रही है। इन दोनों में से भी गैस की आपूर्ति पर इस विवाद और होर्मुज जलडमरूमध्य के बंद होने का ज्यादा असर पड़ा है। हालांकि पेट्रोलियम मंत्रालय यह लगातार कहता आया है कि देश में गैस और पेट्रोल-डीजल की स्थिति सामान्य है।
लेकिन आज यानी एक मई को कमर्शियल गैस सिलेंडर के दाम में काफी ज्यादा वृद्धि कर दी गई है। आज से 19 किलो वाला गैस सिलेंडर 993 रुपए महंगा हो गया है। यह दाम आज से ही लागू हो चुके हैं। इसके चलते आज से नई दिल्ली में कमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमत 3071.50 रुपए हो गई है। आम उपभोक्ता के लिए फिलहाल राहत की बात यह है कि घरेलू सिलेंडर की कीमतों में कोई बदलाव नहीं हुआ है।
आईओसी का यह बयान आया सामने
इंडियन आॅयल कॉरपोरेशन (आईओसी) द्वारा जारी एक बयान के अनुसार, आम जनता को प्रभावित करने वाले प्रमुख ईंधनों की दरों में कोई संशोधन नहीं किया गया है। एटीएफ की कीमतों में हर महीने की पहली तारीख को इनपुट लागत के आधार पर संशोधन किया जाता है। हालांकि, घरेलू एयरलाइनों के लिए दरों में कोई बदलाव नहीं किया गया है, वहीं अंतरराष्ट्रीय वाहकों के लिए कीमतों में वृद्धि हुई है।
पेट्रोल-डीजल के दामों में बदलाव नहीं
आईओसी ने बताया कि पेट्रोल और डीजल की खुदरा कीमतें उन उपभोक्ताओं के लिए अपरिवर्तित रहीं, जो कुल खपत का लगभग 90 प्रतिशत हिस्सा हैं। इसी तरह, लगभग 33 करोड़ उपभोक्ताओं के लिए घरेलू एलपीजी (14.2-किलोग्राम सिलेंडर) की कीमतों में भी कोई बदलाव नहीं किया गया है। सार्वजनिक वितरण प्रणाली (पीडीएस) के तहत वितरित केरोसिन की कीमतों में भी कोई वृद्धि नहीं हुई है।
कुल मिलाकर, पेट्रोलियम उत्पादों का लगभग 80 प्रतिशत हिस्सा ऐसा है जिसकी कीमतों में कोई बदलाव नहीं आया है, जिससे अधिकांश उपभोक्ताओं के लिए स्थिरता सुनिश्चित हुई है। तेल कंपनियों ने बताया कि मूल्य संशोधन केवल चुनिंदा औद्योगिक क्षेत्रों तक सीमित हैं, जिनकी खपत में अपेक्षाकृत छोटा हिस्सा है और जो वैश्विक बेंचमार्क के आधार पर नियमित मासिक समायोजन के अधीन हैं।

